नैनीताल: बच्चों को सड़क पार कराती पुलिस, पीछे से निकल गई बिना हेलमेट चार सवारी स्कूटी! वाह रे ट्रैफिक सिस्टम! नियम तोड़ने वालों को ही छोड़ दिया?
नैनीताल। हल्द्वानी में स्कूलों की छुट्टी के दौरान बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराने और यातायात व्यवस्था संभालने को लेकर नैनीताल पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर पुलिस खुद को सतर्क और जिम्मेदार बताते हुए ट्रैफिक प्रबंधन की सराहना कर रही है, वहीं दूसरी ओर उसी वीडियो में खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी होते दिखाई देने पर लोग सवाल उठा रहे हैं। नैनीताल पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि स्कूलों की छुट्टी के समय यातायात पुलिस और सीपीयू टीम अलर्ट मोड में रही।
बच्चों को सुरक्षित सड़क पार कराया गया और यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया गया। हालांकि वीडियो में एक स्कूटी पर बिना हेलमेट चार लोग सवार होकर सड़क पार करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि यह सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में होता दिखाई दिया, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नजर नहीं आई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स का कहना है कि यदि नियमों का पालन करवाने वाली एजेंसियां ही ऐसे मामलों को नजरअंदाज करेंगी तो आम जनता में गलत संदेश जाएगा। लोगों ने यह भी टिप्पणी की कि बच्चों की सुरक्षा का संदेश देने के साथ-साथ सड़क पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई भी दिखाई देनी चाहिए।
अब यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है। एक वर्ग पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की सराहना कर रहा है, तो वहीं दूसरा वर्ग वीडियो में दिख रही लापरवाही को लेकर जवाब मांग रहा है।