नैनीतालः स्कूली वाहनों की सुरक्षा से समझौता नहीं! डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा- नियमों का पालन अनिवार्य
नैनीताल। ललित मोहन रयाल ने स्कूली बच्चों के परिवहन को अत्यंत संवेदनशील विषय बताते हुए कहा है कि विद्यालयों द्वारा संचालित बस सेवाओं को भी मोटर यान नियमावली के तहत निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्कूल वाहनों के संचालन में सुरक्षा संबंधी तय एसओपी और मानकों को पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा मंडल स्तर पर जो कार्रवाई की गई है, वह मोटर यान नियमावली के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि स्कूली बच्चों का परिवहन सुरक्षित और नियमबद्ध तरीके से हो। जिलाधिकारी ने संकेत दिए कि आगे भी स्कूल वाहनों की जांच और निगरानी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।