नैनीताल: आशा फाउंडेशन की ‘पिंक मुहिम’ से नारायण नगर में जागरूक हुईं महिलाएं, स्तन कैंसर और माहवारी स्वास्थ्य पर मिला प्रशिक्षण
नैनीताल। महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को लेकर आशा फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही ‘पिंक मुहिम’ लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभाव छोड़ रही है। इसी क्रम में नैनीताल के पास नारायण नगर गांव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

यह कार्यक्रम नारायण नगर स्थित बारात घर में पार्षद भगवत रावत और समाजसेविका रश्मि सारेला के सहयोग से आयोजित किया गया। अभियान के तहत करीब 100 ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, जिसमें खासतौर पर स्तन कैंसर के लक्षण, बचाव और स्वयं जांच (Self Examination) के तरीके समझाए गए।

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा ने बताया कि कुमाऊं और गढ़वाल के दूरदराज इलाकों में जागरूकता की कमी के कारण महिलाएं समय पर अपनी समस्याएं साझा नहीं कर पातीं, जिससे कई बार गंभीर बीमारियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं शुरुआती लक्षणों के प्रति सचेत रहें, तो स्तन कैंसर जैसी बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
इस अवसर पर बुजुर्ग महिलाओं को पिंक स्टॉल पहनाकर सम्मानित किया गया, वहीं महिलाओं और बालिकाओं को मुफ्त में reusable (दोबारा इस्तेमाल होने वाले) सैनिटरी पैड्स वितरित किए गए। साथ ही बाजार में मिलने वाले सामान्य पैड्स के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। फाउंडेशन के अनुसार, ये कपड़े से बने पैड्स 2 से 2.5 साल तक उपयोग में लाए जा सकते हैं, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है बल्कि महिलाओं के मासिक खर्च में भी कमी आती है।
कार्यक्रम में टीम के सदस्य बच्ची सिंह नेगी, वीरू, भगवत सिंह ए, रश्मि सारेला और वैशाली सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीण महिलाओं को एकत्रित करने में अहम भूमिका निभाई।

अध्यक्ष आशा शर्मा ने बताया कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि ‘पिंक मुहिम’ अब केवल पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि धीरे-धीरे व्यापक स्तर पर लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने भविष्य में इस अभियान को और अधिक दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने की इच्छा भी जताई।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इस पहल को बेहद उपयोगी बताया और कहा कि उन्हें पहली बार इस तरह की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। महिलाओं में उत्साह देखने लायक था, खासकर reusable पैड्स को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की।
अंत में आशा शर्मा ने सभी महिलाओं से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा, “एक स्वस्थ नारी ही स्वस्थ समाज की नींव है।”