नैनीताल:परीक्षा से पहले बड़ी मदद,डीएसबी कॉलेज के जीबी पंत पुस्तकालय में UOU ने छात्रों को दी निःशुल्क पुस्तकें

Nainital: Major Assistance Ahead of Exams—UOU Provides Free Books to Students at DSB College's G.B. Pant Library.

नैनीताल के डी.एस.बी. परिसर स्थित जी.बी. पंत पुस्तकालय में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU), हल्द्वानी की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की पाठ्यपुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को जरूरी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना रहा, ताकि वे अपनी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय विभाग और विश्वविद्यालय के कई अधिकारी व प्राध्यापक मौजूद रहे। प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. युगल जोशी, अवैतनिक पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. नीलू लोधियाल के साथ कुलपति प्रो. नवीन चंद लोहनी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक रेखा बिष्ट, मधु डोगरा, अजय आर्या सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मौजूद वक्ताओं ने छात्रों को पुस्तकों के महत्व और स्व-अध्ययन के तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पुस्तकें प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और परिसर के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया।