Aug 22, 2026 Login

नैनीतालः पांच दिन बाद गहरी खाई में मिला अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय का शव! परिजनों ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक

Nainital: Five days later, the body of Almora resident Deepak Upadhyay was found in a deep ravine. Family members suspect his friends of murder.

नैनीताल। जिले में एक युवक के लापता होने का मामला सोमवार को उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब युवक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र की गहरी खाई से बरामद किया गया। मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को नैनीताल के तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। युवक के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन शुरुआती चार दिनों तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। इस दौरान पुलिस ने दीपक के संपर्क में रहे तीन दोस्तों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। हालांकि जांच के शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।


सोमवार को सर्च अभियान के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ टीम को टूटा पहाड़ क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली, जहां लगभग 80 मीटर गहरी खाई में युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। इस दौरान मृतक के भाई ने युवक के साथ आखिरी बार देखे गए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और फिर इस तरह खाई में शव का मिलना कई सवाल खड़े करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।