नैनीतालः ‘युवा किसान पुरस्कार’ से सम्मानित हुए डॉ. संतोख सिंह बिष्ट! पूर्व सीएम कोश्यारी ने प्रयासों को सराहा

नैनीताल। सुखा चूलिया बिदारी गांव के युवा किसान संतोख सिंह बिष्ट को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी व राज्य जैविक मंत्री बलराज पासी द्वारा युवा किसान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संतोख सिंह बिष्ट ने पारंपरिक खेती के तरीकों को पीछे छोड़ते हुए सेब की इटैलियन किस्मों को बढ़ावा देकर न केवल सुखा चूलिया बिदारी गांव को कृषि क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई है, बल्कि अन्य किसानों को भी प्रेरित किया। संतोख पारंपरिक खेती को छोड़ कर नई रणनीति और विदेशी किस्म के फलों को उगाने की प्रेरणा दे रहे हैं। उनके नवाचार और समर्पण ने स्थानीय किसानों को आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि उनके ‘यो पहाड़ फाउंडेशन’ के सभी सदस्य, गांव वासियों के सहयोग और दोस्त अर्जुन सिंह बोहरा व बोहरा परिवार के सहयोग से ये संभव हो पाया। इस पुरस्कार के माध्यम से संतोख बिष्ट के प्रयासों को न केवल सराहा गया है, बल्कि यह भी प्रदर्शित किया गया है कि नवाचार और मेहनत से ग्रामीण भारत में कृषि के क्षेत्र में क्रांति लाई जा सकती है।