नैनीताल:डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था चरमराई,सभासदों ने नगर पालिका से जल्द टेंडर कराने की उठाई मांग

Nainital: Door-to-Door Waste Collection System Collapses; Councilors Demand Municipality Expedite Tendering Process

नैनीताल शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था लगातार प्रभावित होने से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। शहर के कई इलाकों में समय पर कूड़ा न उठने के कारण गंदगी फैल रही है, जिससे आम जनता में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर नगर पालिका परिषद नैनीताल के कई सभासदों ने संयुक्त रूप से पालिका प्रशासन को पत्र सौंपकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
सभासदों द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में नगर पालिका क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण कार्य सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि शहर के सभी वार्डों में प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़ा उठान किया जाना जनहित में बेहद आवश्यक है, ताकि खुले में कूड़ा न फैले और नैनीताल शहर को गंदगी से बचाया जा सके।
सभासदों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जनहित और शहर की स्वच्छता को देखते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर व्यवस्था को पटरी पर लाया जाए।

 


इस मांग पत्र पर मनोज साह जगाती, गज़ाला कमाल,जितेंद्र पांडे,सुरेंद्र कुमार,गीता उप्रेती,शीतल कटियार,रमेश प्रसाद,अंकित चंद्रा ,काजल,राकेश आर्य,सपना बिष्ट,ललिता दफोटी,मुकेश जोशी,राकेश पवार इत्यादि सभासदों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिससे साफ है कि यह समस्या अब केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं रही बल्कि पूरे शहर के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के बीच यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नैनीताल की छवि पर भी असर पड़ सकता है।