नैनीताल:संवाद से सुलझा विवाद!जिला जज प्रशांत जोशी की मध्यस्थता से खत्म हुआ अधिवक्ताओं का बहिष्कार, कामकाज वापस पटरी पर
नैनीताल:
जिला न्यायालय में चल रहा अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार आखिरकार मंगलवार को समाप्त हो गया। यह विवाद जिला जज प्रशांत जोशी की मध्यस्थता के बाद सुलझा, जिसके चलते अधिवक्ताओं ने बुधवार से न्यायिक कार्य को सामान्य रूप से शुरू करने का निर्णय लिया है।
फोटो:जिला जज की मौजूदगी में बार सभागार में अधिवक्ताओं को संबोधित करते बार एसोसिएशन अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट!
मंगलवार को जिला जज स्वयं बार सभागार पहुंचे और अधिवक्ताओं की समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने न्यायालयों में अधिवक्ताओं के समक्ष आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं, सचिव संजय सुयाल ने न्यायिक अधिकारी द्वारा समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को जारी नोटिस को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के विरुद्ध बताया।

जिला जज ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और सामंजस्य के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्यायिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं और बार व बेंच के बीच संबंध परिवार जैसे होते हैं, जिनमें किसी भी विवाद का समाधान बातचीत से ही संभव है। साथ ही, नोटिस से जुड़े मामले के समाधान का भी भरोसा दिया गया।
गौरतलब है कि अधिवक्ताओं ने प्रथम अपर जिला जज (विशेष न्यायाधीश/एनडीपीएस) पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनकी अदालत का बहिष्कार शुरू कर दिया था, जो मंगलवार तक जारी रहा। हालांकि, सकारात्मक वार्ता के बाद विवाद सुलझ गया और अधिवक्ताओं ने बुधवार से न्यायिक कार्य पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित करने की घोषणा की।
इस दौरान बार एसोसिएशन के कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने वार्ता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।