नैनीताल:नगर पालिका में कार्यरत संविदा कर्मचारी ने फांसी लगाकर की जीवन लीला समाप्त!सुबह पत्नी से हुआ था विवाद
नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में नगर पालिका के एक संविदा कर्मी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तल्लीताल हरिनगर निवासी 32 वर्षीय दीपक कुमार नगर पालिका में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। मंगलवार शाम वह अपने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर उसकी मां बदहवास हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक का सुबह पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। सूचना पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।