नैनीताल: सावधान! मल्लीताल में निवेश घोटाले का खुलासा, 80 लाख रुपये हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं, पीड़िता ने पुलिस प्रशासन को सौंपा शिकायती पत्र
नैनीताल। जनपद में निवेश के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मल्लीताल निवासी पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2020 में भूमि सेल्स इंडिया लिमिटेड कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। आरोप है कि बाद में उक्त कंपनी को सहकारी संस्था में परिवर्तित कर ‘यूनिटी कोऑपरेटिव अर्बन थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड’ के नाम से संचालन किया गया।
शिकायत में बताया गया है कि सोसाइटी से जुड़े निदेशकों और प्रबंधन पर निवेशकों से धन जुटाने के बाद गबन करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि इस मामले में पहले रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुछ आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों द्वारा संचालित कार्यालय मल्लीताल क्षेत्र में संचालित किया जा रहा था, जिसके संबंध में न्यायालय द्वारा पूर्व में विवेचना पर पुनर्विचार के आदेश भी दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद मामले में अपेक्षित प्रगति न होने पर पीड़िता ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि संबंधित सोसाइटी को बैंकिंग गतिविधियों की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद निवेशकों से धन एकत्रित किया गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों द्वारा करीब 70 से 80 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने की आशंका जताई गई है।
पीड़िता ने एसएसपी से मांग की है कि मल्लीताल थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए जाएं तथा आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
