माथे पर तिलक, गले में भगवा साफा और मंगलवार को मछली खाते बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर! सियासत गरमाने के साथ सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, रुद्रपुर मेयर का फरमान फिर चर्चाओं में
नई दिल्ली/रुद्रपुर। इसे भाजपा नेताओं का दोहरा चरित्र कहें या फिर सत्ता की हनक में कुछ भी बोलने और आदेश थोपने की आजादी। जो भी हो पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच भाजपा नेता सोशल मीडिया पर खासी सुर्खियां बटोर रहे हैं। अभी हाल ही में जहां यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक भाषण के दौरान बड़ी चूक कर गए और सुभाष चंद्र बोस के प्रसिद्ध नारे ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ को स्वामी विवेकानंद का बता बैठे। वहीं अब बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अनुराग ठाकुर माथे पर तिलक और गले में भगवा साफा लपेटे हुए नजर आ रहे हैं और वो मछली खा रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद देशभर में सियासत गरमाई हुई है और विपक्षी पार्टियों के साथ ही आम जनता भी भाजपा के सिद्धांतों पर सवाल खड़े कर रही है। इस वीडियो में एक महिला पूछती है, ‘‘अनुराग जी बंगाल की मच्छी कैसी है? इस पर भाजपा नेता मुस्कराते हुए कहते हैं, बहुत स्वादिष्ट! आप भी खाईएगा। वहीं दूसरी तरफ से सवाल उठता है कि ममता दीदी कहती है भाजपा आएगी तो सब बंद करा देगी। इसपर जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर कहते हैं, ‘‘भाजपा की 16 राज्यों में सरकार है। एनडीए की 20 राज्यों में सरकार है और कहीं भी किसी के बोलने, खाने या पूजा करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इस वीडियो पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आप नेता सौरभ भारद्वाज, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने तंज कसते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल, यह भी दावा किया जा रहा है कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर मंगलवार के दिन मछली का सेवन कर रहे हैं।
रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा के आदेश पर उठे सवाल
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के मछली खाते वीडियो वायरल होने के बाद जहां राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है, वहीं सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गयी है। कुछ लोग इसे भाजपा का दोहरा चरित्र बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग भाजपा नेताओं को ढ़ोंगी करार दे रहे हैं। जैसा कि इस वीडियो में अनुराग ठाकुर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि भाजपा की 16 राज्यों में सरकार है। एनडीए की 20 राज्यों में सरकार है और कहीं भी किसी के बोलने, खाने या पूजा करने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। ऐसे में रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा पर सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ भाजपा के कद्दावर नेता अनुराग ठाकुर खाने पर कहीं भी कोई पाबंदी न होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा शिवरात्रि पर तीन दिन और हर मंगलवार को मीट-मांस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी करते हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या मेयर विकास शर्मा भाजपा के बड़े नेताओं से भी बड़े हो गए हैं।