रुद्रप्रयाग में मातम: भीरी-ककोला मार्ग पर 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन युवाओं की दर्दनाक मौत

Grief in Rudraprayag: Car Plunges 250 Meters into Deep Gorge on Bhiri-Kakola Road; Three Youths Meet Tragic End

रुद्रप्रयाग | देवभूमि के पहाड़ी रास्तों पर रफ्तार और अनियंत्रित वाहन एक बार फिर काल बन गए। जिले के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 250 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रात के अंधेरे में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन भीरी-ककोला मार्ग पर पहुँचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में समा गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और अगस्तमुनि से एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुँचीं। हादसे की भयावहता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में जवानों ने जान जोखिम में डालकर गहरी खाई में उतरने का फैसला किया। रात के अंधेरे और दुर्गम ढलान ने बचाव कार्य में काफी बाधाएँ उत्पन्न कीं। कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने कार तक पहुँच बनाई, लेकिन वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। प्रशासन ने दो शवों को बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने के लिए अभियान जारी है। हादसे के बाद पूरे रुद्रप्रयाग जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों और क्रैश बैरियर की कमी पर चिंता व्यक्त की है। पुलिस विभाग ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने एक बार फिर अपील की है कि रात के समय पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें। वही हादसे में मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी रुद्रप्रयाग जिले के निवासी हैं।