नैनीतालः कैंची धाम स्थापना दिवस से पहले बड़ी सौगात! भवाली-रातीघाट बाईपास पर बेली ब्रिज तैयार, कल से दौड़ेंगे वाहन

Nainital: A major gift ahead of the Kainchi Dham Foundation Day! The Bailey bridge on the Bhowali-Ratighat bypass is ready; vehicles will start plying from tomorrow.

नैनीताल। कैंची धाम आने-जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को जल्द ही यातायात जाम से राहत मिलने वाली है। कैंची धाम के स्थापना दिवस (15 जून) से पहले भवाली-दूनीखाल-रातीघाट बाईपास मार्ग पर निर्मित बेली ब्रिज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसके जल्द संचालन की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि बाईपास मार्ग के शुरू होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का लाभ न केवल कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा, बल्कि समूचे कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी।

दरअसल, कैंची धाम में हर वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते भवाली-गरमपानी मार्ग पर गंभीर जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब तीन वर्ष पूर्व भवाली सेनिटोरियम से रातीघाट तक वैकल्पिक बाईपास मार्ग निर्माण की योजना तैयार की गई थी। प्रशासन ने इस वर्ष के अंत तक पूरे बाईपास निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 15 जून को कैंची धाम का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन के अनुसार इस वर्ष करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने का अनुमान है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने स्थायी पुल के निर्माण से पहले अस्थायी समाधान के रूप में बेली ब्रिज का निर्माण स्थापना दिवस से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों के अनुसार बुधवार दोपहर तक पुल पर प्लेट एवं वेयरिंग लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल पर वाहनों का ट्रायल रन कराया जाएगा। यदि परीक्षण सफल रहता है तो गुरुवार को विधिवत उद्घाटन के पश्चात बाईपास मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से कैंची धाम मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

इससे पहले कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत द्वारा बेली ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रातिघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास को जोड़ने हेतु निर्माणाधीन वैली ब्रिज की प्रगति का जायजा लिया। अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि वैली ब्रिज का कार्य तीन दिन के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पश्चात आवश्यक परीक्षण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। आयुक्त ने निर्देश दिए कि नवनिर्मित रातिघाट मोटर मार्ग में समतलीकरण, साइनेज एवं सुरक्षा मानकों से संबंधित शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि मार्ग श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रहे।