उत्तराखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट: इन जिलों में कल बंद रहेंगे स्कूल! भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

Major weather alert for Uttarakhand: Schools in these districts to remain closed tomorrow! Warning of heavy to very heavy rainfall.

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 30 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई संवेदनशील क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी के मद्देनजर शासन, जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बागेश्वर, चंपावत और टिहरी जिलों में 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें। मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की बौछारें पड़ने की भी संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि का खतरा बना हुआ है। राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।