तमिलनाडु में भीषण हादसा: 800 फीट गहरी खाई में गिरी वैन, केरल के 9 शिक्षकों की मौत,पीएम मोदी ने जताया दुख

Major Tragedy in Tamil Nadu: Van Plunges into 800-Foot-Deep Gorge; 9 Teachers from Kerala Dead; PM Modi Expresses Grief.

पोल्लाची। तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। पोल्लाची के पास वलपराई हिल रोड पर पर्यटकों से भरी एक वैन (टेम्पो ट्रैवलर) अनियंत्रित होकर 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस रूह कँपा देने वाले हादसे में केरल के नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही स्कूल के आठ शिक्षक और वैन का ड्राइवर शामिल है।

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम जिले के पांग पल्लीपरम्बा स्कूल के शिक्षक और उनके परिवार के सदस्य वैन में सवार होकर घूमने निकले थे। वैन अथिरपिल्ली से पोल्लाची की ओर जा रही थी। शुक्रवार शाम को वलपराई के खतरनाक 13वें 'कोंडाई आयु' मोड़ (हेयरपिन बेंड) पर अचानक ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया। गाड़ी तेज रफ्तार में गार्डरेल से टकराई और सीधे घने जंगल में 800 फीट नीचे गहरी खाई में समा गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग केरल के मलप्पुरम के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान स्कूल की हेडमिस्ट्रेस अजिता (54), रामला (52), सुहारा (43), आशा (41), मजीद (43), सजिता (45), शकीला (37), रुकिया (39) और ड्राइवर नौशाद (39) के रूप में हुई है। वैन में कुल 16 यात्री सवार थे। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। खाई की गहराई और घने जंगल के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वालपराई पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। वही इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।"