हल्द्वानी शुद्धिकरण मामलाः राजधानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! मुख्यमंत्री आवास कूच को निकले कार्यकर्ता, हाथीबड़कला में पुलिस ने रोका
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित शुद्धिकरण के विरोध में सोमवार को राजधानी देहरादून में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच के लिए रवाना हुए। हालांकि पुलिस ने हाथीबड़कला चौकी के समीप बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मुख्यमंत्री आवास कूच से पहले परेड ग्राउंड में कांग्रेस की ओर से जनसभा आयोजित की गई। इसमें प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक शामिल हुए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हल्द्वानी में खड़गे के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार को लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होने का आह्वान किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी और सरकार से पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करती रहेगी। परेड ग्राउंड में सभा समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े। पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रदर्शन को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई, जिसके चलते देहरादून की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हाथीबड़कला चौकी के समीप पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने यहीं रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी का माहौल भी देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और कार्रवाई की मांग दोहराई। फिलहाल मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर देहरादून में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परेड ग्राउंड से शुरू हुआ कांग्रेस का यह प्रदर्शन हाथीबड़कला में पुलिस की बैरिकेडिंग पर पहुंचकर रोक दिया गया।