उत्तराखण्डः बाजपुर इंजीनियर मारपीट प्रकरण ने पकड़ा तूल! प्रदेशभर में आक्रोश, यूएस नगर जिले में लोनिवि अभियंताओं का कार्य बहिष्कार! आंदोलन की चेतावनी
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता के साथ हुई अभद्रता, मारपीट और मुंह पर मिट्टी पोतने की घटना के विरोध में कर्मचारियों और अभियंताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। इसको लेकर आज प्रदेश में कई जगहों पर आक्रोश देखने को मिला। वहीं घटना के विरोध में आज सोमवार को जिलेभर के लोनिवि अभियंताओं और कर्मचारियों ने एकदिवसीय कार्य बहिष्कार कर उग्र प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ घंटों में दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पूरे प्रदेश में आंदोलन को तेज करेंगे। बता दें कि बाजपुर में लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन स्पान पुल से पानी ओवरफ्लो होकर इंद्रा कॉलोनी के घरों में घुसने के बाद रविवार को हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के विरोध में जिलेभर के लोनिवि अभियंताओं और कर्मचारियों ने मंगलवार को एक दिन का कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। अभियंताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। बताया गया कि रविवार को बाजपुर के बेरिया रोड स्थित लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन स्पान पुल से पानी ओवरफ्लो होने के कारण इंद्रा कॉलोनी के कई घरों में पानी घुस गया था। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान लोनिवि के एएई और भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जाधारी राजेश कुमार के बीच विवाद हो गया। घटना के दौरान हाथापाई होने की बात भी सामने आई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता और उनके समर्थकों पर इंजीनियर के साथ मारपीट और उनके चेहरे पर मिट्टी लगाने का आरोप है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं प्रशासन के आदेशों की अवहेलना और कार्य में लापरवाही के आरोप में लोनिवि तथा पुल निर्माण से जुड़े दो ठेकेदारों के साथ ही पीड़ित इंजीनियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के विरोध में जिलेभर के लोनिवि अभियंता और कर्मचारी एक दिवसीय कार्य बहिष्कार पर रहे। कर्मचारियों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान अधिकारियों और अभियंताओं के साथ इस तरह की बदसलूकी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। अभियंताओं का कहना है कि यदि अगले कुछ घंटों में दर्ज मुकदमे की वापसी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर प्रदेशभर के अभियंता और कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे।
घटना के बाद निर्माणाधीन पुल और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पानी ओवरफ्लो होकर कॉलोनी के घरों में पहुंचने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से लोनिवि और संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई की बात सामने आने के बाद अब पूरे प्रकरण में तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर जांच का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो गया है। फिलहाल विवाद के दोनों पक्षों की शिकायतें पुलिस के पास हैं और मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। घटना के विरोध में शुरू हुआ अभियंताओं का कार्य बहिष्कार आने वाले समय में बड़ा आंदोलन बनता है या नहीं, यह प्रशासन की कार्रवाई पर निर्भर करेगा।
इधर बाजपुर की घटना को लेकर बागेश्वर में लोक निर्माण विभाग की जिला कार्यकारिणी ने आपात बैठक बुलाकर रोष जताया। अभियंताओं का आरोप है कि अत्यधिक बारिश के दौरान मौके पर पहुंचे अपर सहायक अभियंता राजीव गौड़ के साथ मारपीट कर उनके चेहरे पर कालिख पोती गई। घटना के विरोध में अभियंता संघ ने दोषियों के खिलाफ दो दिन के भीतर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में विकास कार्य बंद कर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। अभियंताओं ने घटना की कड़ी निंदा की।