Big Breaking: उत्तराखण्ड में हिन्दू युवक की हत्या के बाद जबरदस्त बवाल! देहरादून के बैरागीवाला में आगजनी, हाईवे जाम! आरोपी का घर फूंका, इंटरनेट सेवा भी ठप

Major Breaking: Massive uproar in Uttarakhand following the murder of a Hindu youth! Arson and highway blockades in Dehradun's Bairagiwala; accused's house torched, internet services suspended.

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जनपद के विकासनगर स्थित बैरागीवाला गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद गांव में गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर उजागर कर दी है। सामने आए वीडियो में दर्जनों लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। गांव की गलियों में अफरा-तफरी का माहौल साफ नजर आ रहा है। वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए भागते दिख रहे हैं, जबकि महिलाएं और बच्चे भय के माहौल में सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान विनोद नामक युवक पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश
युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान गुस्साई भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालात उस समय और बिगड़ गए जब भीड़ ने पत्थराव शुरू कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी के घर में आग लगा दी गई, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।

इंटरनेट सेवा बंद, 12 लोगों पर मुकदमा
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। वहीं पुलिस ने हिंसा, आगजनी और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद सामने आया CCTV फुटेज अब जांच का सबसे महत्वपूर्ण आधार बन गया है। पुलिस वीडियो के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। फुटेज में कई संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिसके आधार पर गिरफ्तारी अभियान तेज कर दिया गया है।

क्या बोले एसपी देहात?
एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने विनोद नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके अलावा तीन अन्य लोगों पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वे घायल हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार दबिश दे रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रदर्शनकारियों से भी संवाद किया जा रहा है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल बैरागीवाला गांव में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हालांकि युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति का माहौल है। अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।