दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान-नेपाल रूट से 21 विदेशी हथियार तस्करी का अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल पकड़ा, 10 गिरफ्तार

Major Action by Delhi Police: International Module Smuggling 21 Foreign Weapons via Pakistan-Nepal Route Busted; 10 Arrested

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 10 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 21 अत्याधुनिक विदेशी हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें सब-मशीन गन और स्पेशल फोर्सेज द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली PX-5.7 पिस्तौल भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क पुरानी दिल्ली के वॉल सिटी इलाके से संचालित हो रहा था। तस्कर पाकिस्तान से हथियार नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारत ला रहे थे। इन हथियारों को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को सप्लाई किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच ने छापेमारी में सब-मशीन गन, PX-5.7 पिस्तौल, PX-3 पिस्तौल, शैडो CZ पिस्तौल, बेरेटा, टॉरस और वाल्थर पिस्तौल सहित कुल 21 विदेशी हथियार बरामद किए। विशेष रूप से PX-5.7 पिस्तौल का बरामद होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि यह पिस्तौल आमतौर पर विशेष बलों द्वारा इस्तेमाल की जाती है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हथियारों की तस्करी पाकिस्तान से शुरू होकर नेपाल होते हुए भारत में प्रवेश कर रही थी। गिरोह के सदस्य नेपाल और बांग्लादेश से भी जुड़े हुए थे। दिल्ली पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पूरे मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन, फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन और देश के अन्य हिस्सों में उनके संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे न सिर्फ राजधानी में हथियारों की अवैध सप्लाई पर अंकुश लगेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय आतंकवादी और आपराधिक गिरोहों की कमर भी टूटेगी। पुलिस ने आगे की जांच के लिए सभी गिरफ्तार तस्करों को रिमांड पर लिया है। मामले की जांच अभी भी जारी है और अधिक गिरफ्तारियां हो सकती हैं।