नैनीताल-भवाली मार्ग पर बड़ा हादसाः पॉइंस के पास खाई में गिरा पर्यटकों का वाहन! हल्द्वानी निवासी युवक की मौत, कई लोग घायल

Major accident on the Nainital-Bhowali road: A tourist vehicle plunges into a ditch near Points! A young man from Haldwani dies, several others injured.

नैनीताल। नैनीताल-भवाली मार्ग पर पॉइंस क्षेत्र के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां राजस्थान से घूमने आए यात्रियों का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में हल्द्वानी निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-फरी मच गई। जानकारी के अनुसार हादसे में मृतक की पहचान राहुल कुमार, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल नैनीताल परीक्षा देने के लिए जा रहा था और अन्य यात्रियों के साथ कैंची धाम होते हुए नैनीताल की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पॉइंस क्षेत्र के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। घायलों में अरविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी जोधपुर (राजस्थान) और युवराज पुत्र भरत सिंह, निवासी रूपनगर शामिल हैं।

दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। अन्य यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है, हालांकि उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीमों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। बचाव दलों द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के खाई में गिरते ही जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। बचाव कार्य के दौरान खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों के चलते राहत टीमों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा।