उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः बोरवेल के गड्ढे में गिरा बुजुर्ग! मिट्टी की ढांग गिरने से मचा हड़कंप, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
हरिद्वार। हरिद्वार से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी गांव में हैंडपंप के लिए कुआं खोदने के दौरान अचानक मिट्टी की भारी ढांग गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति मलबे में दब गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जानकारी के अनुसार कांगड़ी ग्राम पंचायत निवासी मनोहर पुत्र पूर्ण सिंह अपने घर के पास हैंडपंप लगवाने के उद्देश्य से कुआं खुदवा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह खुद ही लगभग 25 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप सेट करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी की भारी ढांग भरभराकर गिर पड़ी और देखते ही देखते वह पूरी तरह मलबे में दब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनते ही मौके पर दौड़ लगाई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर मिट्टी हटाने का काम शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। बचाव दल आधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। मलबे में दबे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने घटनास्थल को पूरी तरह घेर लिया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है और समय के साथ हर पल कीमती होता जा रहा है।