उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः मसूरी में 500 फीट गहरी खाई में गिरी कार! चार लोगों की मौत, ब्रेक फेल होने की आशंका
मसूरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि खाई की गहराई, तीव्र ढलान और घनी झाड़ियों के कारण वाहन तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। पुलिस के अनुसार प्रातः 09ः16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज चौकी क्षेत्र में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने देखा कि वाहन सैकड़ों फीट नीचे खाई में गिरा हुआ था। बचाव दल को रस्सियों और विशेष उपकरणों की सहायता से नीचे उतरना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंच बनाई जा सकी। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार थी। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही यात्री सामान लेकर कार में बैठे, वाहन अचानक ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क से नीचे खाली प्लॉट की ओर लुढ़कते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार सवार लोग उत्तरकाशी क्षेत्र से आ रहे थे। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत, सविता पत्नी धर्मवीर निवासी 322 ए, नेहरू नगर, गाजियाबाद और संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली सवार थे। चारों के शव बरामद किए गए हैं।