उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों का वाहन खाई में गिरा! आठ की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में आज गुरूवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिहरी गढ़वाल जिले में हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चंबा-कौटी मार्ग पर नैल गांव के समीप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से दो घायलों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतक घनसाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। वहीं जिला अस्पताल बौराड़ी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। अस्पताल में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों और सर्जनों की टीम उनकी देखभाल में जुटी हुई है। एसडीएम घनसाली अल्केश नौडियाल ने बताया कि दुर्घटना दोपहर बाद लगभग 3 बजे के आसपास हुई। उन्होंने बताया कि वाहन सवार सभी लोग आगराखाल में भोजन करने के बाद अपने गांव की ओर लौट रहे थेए तभी यह हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। मृतकों की पहचान आशा लाल, विजय लाल, प्रेम लाल, महावीर, शिव सिंह, सेहत लाल, लक्ष्मण सहित एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। वहीं घायलों में उत्तम और अंकित का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।