देहरादून में बड़ा हादसाः चालक को अचानक पड़ा मिर्गी का दौरा! बेकाबू हुई सिटी बस, फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदा! एक की मौत
देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लालपुल के पास एक अनियंत्रित सिटी बस फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां काम मिलने का इंतजार कर रहे मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू बस सड़क से उतरकर सीधे फुटपाथ पर जा चढ़ी और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बस एक होटल के गेट से टकराकर रुकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। यदि बस आगे बढ़ती रहती तो जनहानि और अधिक हो सकती थी। जानकारी के अनुसार यह सिटी बस आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही थी। सुबह के समय लालपुल के पास कई मजदूर रोज की तरह काम मिलने की उम्मीद में फुटपाथ पर बैठे हुए थे। तभी अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ी और कुछ ही सेकंड में कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में 22 वर्षीय आहत, निवासी राजीव नगर, की मौत हो गई। वहीं संजीत, रतन, मानसिंह और सुखराज समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मजदूर सड़क किनारे बैठे बातचीत कर रहे थे कि तभी बस अचानक उनकी तरफ मुड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था। देखते ही देखते बस फुटपाथ पर चढ़ गई और कई लोगों को कुचलते हुए होटल के गेट तक पहुंच गई। लोगों की चीख.पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।
समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को बस के नीचे और आसपास से निकाला। घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों का कहना है कि यदि वे तत्काल मदद नहीं करते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। कई राहगीरों ने भी बचाव कार्य में हाथ बंटाया। हादसे के बाद लालपुल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दोनों ओर कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बस चालक अर्जुन गुरुंग को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके चलते वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। चालक का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चालक की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में परिवहन विभाग और बस संचालक को पहले से जानकारी थी या नहीं। घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि लालपुल क्षेत्र में सिटी बस द्वारा लोगों को कुचलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।