नैनीताल: कैंचीधाम के पास शिप्रा नदी में नहाते समय राजस्थान के पर्यटक की डूबने से मौत! एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू भी नहीं बचा सका जान

Nainital: Tourist from Rajasthan drowns while bathing in the Shipra River near Kainchi Dham; rescue efforts by SDRF and police fail to save his life.

नैनीताल। नैनीताल जिले से एक दुःखद खबर सामने आई है, यहां कैंचीधाम की शिप्रा नदी में नहाने के दौरान एक पर्यटक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला। ये दर्दनाक हादसा कैंचीधाम आश्रम से कुछ किलोमीटर दूर रामगढ़ क्षेत्र में स्थित शिप्रा नदी में हुआ। जानकारी के मुताबिक राजस्थान निवासी 21 वर्षीय प्रिंस अपने साथियों के साथ घूमने आया था।  और सभी दोस्त नदी में नहाने और मस्ती करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान प्रिंस गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला गया। इस दौरान उसे कृत्रिम ऑक्सीजन देकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।