उत्तराखंड: बड़कोट के स्याना चट्टी में अचानक दरकी पहाड़ी! भारी भूस्खलन से मचा हड़कंप, रिहायशी इलाके तक पहुंचा मलबा
बड़कोट। उत्तराखंड के बड़कोट क्षेत्र में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्याना चट्टी के ठीक पीछे अचानक पहाड़ी दरकने से भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से विशालकाय बोल्डर और बड़ी मात्रा में मलबा तेजी से नीचे की ओर खिसकता हुआ रिहायशी इलाके तक पहुंच गया। भूस्खलन की तेज आवाज और मलबे को तेजी से नीचे आता देख स्थानीय लोगों के साथ ही क्षेत्र में ठहरे यात्रियों में भी दहशत फैल गई। अचानक हुए इस भूस्खलन के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और होटलों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि मलबे की चपेट में आने से कई होटल और वहां खड़े वाहन बाल-बाल बच गए। यदि मलबा कुछ और नीचे तक पहुंचता तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूस्खलन की चपेट में कुछ मकानों के आने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, घटना में किसी जनहानि की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है। भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को घटनास्थल और संवेदनशील ढलानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में यमुनोत्री हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह घटना चिंता बढ़ाने वाली है। प्रशासन की ओर से मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद यातायात को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।