उत्तराखण्डः कांवड़ खंडित होने पर भड़का आक्रोश! कांवड़ियों ने कार में की तोड़फोड़, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
रुड़की। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलौर क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए कांवड़ियों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग डंडों से कार के शीशे और अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गोल्डन ढाबे के पास शनिवार रात करीब नौ बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद वहां मौजूद कांवड़ियों ने वाहन को रोक लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में कांवड़िए मौके पर जुट गए और कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। मामले में एक कांवड़िये को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के पास घटनाक्रम से संबंधित वीडियो फुटेज भी उपलब्ध है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।