रुद्रपुरः ये कैसा प्यार! एक लड़की, दो लड़के और दोनों से शादी! दूसरे पति ने गुमशुदगी दर्ज कराई तो पहले पति के साथ मिली विवाहिता, हिरासत में युवक के खुलासे ने पुलिस को भी किया हैरान
रुद्रपुर। रुद्रपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, आज लालपुर चौकी क्षेत्र में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों से छत से छलांग लगा दी, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल विवाहिता को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले ने तब पुलिस को हैरान कर दिया, जब विवाहिता को लेकर कई खुलासे हुए। दरअसल, रुद्रपुर के ही रहने वाले एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दौरान पति के पास पत्नी की वीडियो कॉल आई और उसने खुद को एक सुनसान जगह पर बंधक बनाने की बात कही। जब पति द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी, तो पुलिस ने सर्विलांस की मदद से विवाहिता की लोकेशन निकाली और एक टीम मौके पर पहुंच गयी। पुलिस को देखकर विवाहिता ने छत से छलांग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह चोटिल हो गई। इसके बाद आनन-फानन में विवाहिता को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान पुलिस ने विवाहिता के साथ मौजूद एक युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने जो खुलासे किए, उसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गयी।
युवक के मुताबिक वो सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था, डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी कंपनी में ही काम के दौरान उक्त युवती से मुलाकात हुई और बातचीत होने लगी। देखते ही देखते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और बात प्रेम-प्रसंग तक पहुंच गयी। युवक ने दावा किया है कि उसने उक्त युवती से शादी भी कर ली और कुछ समय तक साथ रहे। फिर वो युवती को रुद्रपुर में ही छोड़कर नोएडा चला गया। इस बीच युवती की मुलाकात कोतवाली क्षेत्र के ही एक अन्य युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो युवती ने अपने परिजनों से बगावत कर उस युवक से भी एक माह पूर्व शादी कर ली। इस बीच हाल में नोएडा गया युवक वापस रुद्रपुर लौट आया और उसकी बात उक्त युवती से होने लगी। बीते दो दिन पहले युवती घर से कुछ पैसे लेकर बिना बताए ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र स्थित अपने पूर्व प्रेमी के कमरे पर पहुंच गयी।
जब काफी देर तक विवाहिता घर नहीं लौटी तो उसके पति ने रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, जिसपर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस बीच विवाहिता अपने पूर्व प्रेमी के साथ हल्द्वानी घूमने चली गयी। जब वह दोनों वापस लौटे तो वे लोग लालपुर क्षेत्र स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां पहुंच गए। आज सुबह विवाहिता ने किसी और के फोन से अपने पति को कॉल किया और खुद को बंधक बनाने की बात कही। यह सुन पति परेशान होकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को सारी बात बताई। पुलिस ने विवाहिता की लोकेशन ट्रेस की और मौके पर पहुंच गयी। इस बीच पुलिस को देख विवाहिता छत से कूद गयी। फिलहाल युवती का उपचार चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस बीच एक और बात भी सामने आई है कि युवती दो अन्य लड़कों से भी फोन पर बात करती है।