नैनीताल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला! बोले- वन पंचायतें बना रहीं आत्मनिर्भर भारत का मॉडल
नैनीताल। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज सरोवर नगरी नैनीताल पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत नैनी रिट्रीट होटल में किया गया। स्वागत के बाद वे Administrative Training Institute (ATI) के लिए रवाना हुए, जहां पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ओम बिरला ने उत्तराखंड की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि की यह धरती प्रकृति संरक्षण का संदेश पूरी दुनिया को दे रही है। उन्होंने कहा कि यहां वन पंचायतें जनभागीदारी के जरिए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। बिरला ने बताया कि उत्तराखंड में वन पंचायतें न केवल पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा रही हैं, बल्कि रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के मॉडल के रूप में भी उभर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आज दुनिया में वन क्षेत्रों से मिलने वाली औषधियों की मांग तेजी से बढ़ रही है और भारत सरकार इन संसाधनों के वैल्यू एडिशन और नवाचार के जरिए वैश्विक स्तर पर नई संभावनाएं विकसित कर रही है। बिरला के अनुसार, भारत ऐसा देश है जहां वन्यजीव संरक्षण और मानव जीवन के बीच संतुलन का अनूठा मॉडल देखने को मिलता है। उन्होंने वन समितियों की भूमिका को सराहते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में इनकी जनभागीदारी दुनिया के लिए प्रेरणा है। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
चर्चा के दौरान सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड के कई मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अपेक्षित है। क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट भी इसमें शामिल रहेंगे, जिससे स्थानीय मुद्दों को सीधे शीर्ष स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।