लालकुआं मदरसन कंपनी विवाद खत्म: प्रशासन और पुलिस की मध्यस्थता से श्रमिकों का अनशन समाप्त,मानी गई 12 मांगे

Lalkuan Motherson Company Dispute Resolved: Workers' Hunger Strike Ends Through Mediation by Administration and Police; 12 Demands Accepted.

नैनीताल/लालकुआं: लालकुआं क्षेत्र स्थित मदरसन कंपनी में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को समाप्त हो गया। जिला प्रशासन, श्रम विभाग और नैनीताल पुलिस के समन्वित प्रयासों और लगातार हुई वार्ताओं के बाद श्रमिकों ने अपना अनशन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया।

कई दौर की वार्ता में पुलिस, एसडीएम, श्रम विभाग के अधिकारियों, कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक सहमति बनी। श्रमिकों द्वारा उठाई गई 14 प्रमुख मांगों में से 12 मांगों को प्रबंधन ने तत्काल स्वीकार कर लिया, जबकि शेष दो मांगों पर शासन स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

समझौते के बाद सभी श्रमिक पुनः फैक्ट्री में लौट आए हैं और बुधवार से उत्पादन कार्य पूरी तरह सुचारू रूप से शुरू होने की उम्मीद है।

इस मौके पर डॉ. मंजुनाथ टीसी ने श्रमिकों के धैर्य और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि पूरे आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही, जो सभी के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस श्रमिकों की जायज मांगों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

हालांकि, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ बाहरी अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने और हिंसा भड़काने की साजिश रची जा रही थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 20-30 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन पर पुलिस कार्य में बाधा डालने, बैरियर तोड़ने और श्रमिकों को उकसाने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों के हितों की रक्षा की जाएगी, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने या हिंसा फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।