आस्था के धाम में अनुशासनहीनता: तुंगनाथ और चोपता क्षेत्र से वायरल हुआ पर्यटकों की हुड़दंगबाजी का वीडियो! स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

Indiscipline in the abode of faith: Videos of tourists' hooliganism in the Tungnath and Chopta areas have gone viral! Locals demand strict action.

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम और चोपता क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ पर्यटक वाहनों की छतों पर चढ़कर हुड़दंग मचाते और शोर-शराबा करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां धार्मिक स्थल की गरिमा को ठेस पहुंचा रही हैं। विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम और मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से प्रसिद्ध चोपता क्षेत्र हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। लेकिन हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने क्षेत्र की पवित्रता और शांति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कुछ युवक वाहनों की छतों पर चढ़कर जोर-जोर से चिल्लाते, हंगामा करते और अनुशासनहीनता का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चोपता.तुंगनाथ क्षेत्र का है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन एवं प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तुंगनाथ धाम केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में कुछ बाहरी पर्यटकों द्वारा धार्मिक मर्यादाओं और स्थानीय संस्कृति की अनदेखी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि कुछ पर्यटक देवभूमि की परंपराओं और नियमों का सम्मान नहीं कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने और हुड़दंगबाजी पर प्रभावी रोक लगाने की भी अपील की है।