खौफनाक वारदात: सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर पुल से नदी में फेंका,रात भर मौत से जूझता रहा युवक

Horrific Crime: Software Engineer Abducted and Thrown into River from Bridge; Youth Fought for His Life All Night

देहरादून। राजधानी देहरादून में बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण कर न केवल उससे लूटपाट की गई, बल्कि जान से मारने की नीयत से उसे जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया गया।

देहरादून में देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर का पहले अपहरण किया गया, फिर बेरहमी से मारपीट कर लूटपाट की गई और आखिर में बदमाश उसे पुल से नीचे नदी में फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक पूरी रात नदी किनारे पत्थरों के बीच जिंदगी और मौत से संघर्ष करता रहा। सुबह स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उसकी जान बच सकी। घटना थाना प्रेमनगर क्षेत्र की है। शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा आकाश कुमार आईटी पार्क स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसकी ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक रहती है। गुरुवार रात करीब सवा दो बजे आकाश सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और जबरन उसे अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि आरोपी आकाश को शहर के कई इलाकों से घुमाते हुए घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट के रास्ते जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां बदमाशों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने उसका बैग, दो मोबाइल फोन और पर्स में रखे करीब 700 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने आकाश को पुल से नीचे नदी में धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए। करीब ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण युवक की रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में वह पूरी रात नदी किनारे पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को बाहर निकाला और इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार युवक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और वह मानसिक व शारीरिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं है, जिसके कारण घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। थाना प्रेमनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।