Oct 08, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखंड के 20 हजार शिक्षकों की छुट्टियां नहीं होंगी लैप्स! मिलेगा अवकाश

Holidays of 20 thousand teachers of Uttarakhand will not be lapsed! will get leave

उत्तराखंड के प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों के 20 हजार से अधिक शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। 22 अप्रैल 2006 से पहले के इन शिक्षकों की उपार्जित अवकाश के रूप में जुड़ी छुट्टियां अब लैप्स नहीं होगी।

बेसिक शिक्षा निदेशक आरके उनियाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। बेसिक शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन परिषदीय सेवाकाल में कार्यरत बेसिक शिक्षक राजकीयकरण होने के बाद परिषदीय सेवाकाल में जुड़े उपार्जित अवकाश को देने की लंबे समय से मांग कर रहे थे। 22 अप्रैल 2006 से बेसिक शिक्षा परिषद के तहत कार्यरत समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी राज्य सरकार के शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी हो गए हैं। इन शिक्षकों की सेवाओं का राजकीयकरण हो गया है। उत्तरांचल शिक्षा अधिनियम 2006 में उल्लेख किया गया है कि इस अधिनियम के प्रभावी होने की तारीख से पहले कार्यरत शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी राज्य सरकार को अंतरित हो जाएंगे। शिक्षा निदेशक ने कहा, 22 अप्रैल 2006 से पहले इन शिक्षकों का जुड़ा उपार्जित अवकाश पहले लैप्स हो रहा था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अप्रैल 2006 से पहले जिस शिक्षक की जितने साल की सेवाएं होंगी। हर साल एक उपार्जित अवकाश के रूप में शिक्षक छुट्टी ले सकेंगे। हालांकि, इन शिक्षकों की परिषदीय सेवाओं के दौरान जुड़े उपार्जित अवकाश का नकद भुगतान नहीं होगा।