हल्द्वानीः हल्दूचौड़ के सरकारी फार्म में महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी! वन्य जीव के हमले की आशंका, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

Haldwani: The discovery of a woman's mutilated body at a government farm in Halduchaud has caused a sensation! A wildlife attack is suspected, and police are investigating every aspect.

हल्द्वानी/लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हल्दूचौड़ क्षेत्र स्थित खुरपिया सरकारी फार्म के भीतर एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस, हल्दूचौड़ चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया शव पर मिले घाव किसी वन्य जीव के हमले की ओर संकेत कर रहे हैं, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बैरीपड़ाव स्थित गोला गेट क्षेत्र निवासी एक महिला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक महिला मंगलवार शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह परिजनों ने महिला के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने संयुक्त रूप से आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की।

तलाश के दौरान बेरीपड़ाव स्थित खुरपिया सरकारी फार्म के भीतर महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव पर कई गंभीर घाव के निशान पाए गए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक आधार पर पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह मामला किसी वन्य जीव के हमले का प्रतीत होता है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला कथित रूप से नशे की आदी थी और कई बार देर रात तक घर से बाहर रहती थी। पुलिस की एक आशंका यह भी है कि महिला किसी कारणवश सरकारी फार्म के अंदर पहुंच गई हो, जहां वह किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार बन गई। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी संभावना को नकारा नहीं गया है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।