हल्द्वानी में पत्रकारों का आक्रोशः सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर छवि धूमिल करने का आरोप! एसएसपी से मुलाकात कर उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर पत्रकारों की छवि धूमिल करने और यूट्यूब/सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए हल्द्वानी में तमाम पत्रकारों ने एसएसपी से मुलाकात की। इस दौरान पत्रकार यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों और स्थानीय पत्रकारों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों ने आरोप लगाया कि कमल कफलटिया पत्रकारिता की आड़ में अनुचित गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। बताया कि हाल ही में बुद्ध पार्क में कमल कफलटिया द्वारा एक प्रिंट मीडिया के पत्रकार के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज की गई। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूब चैनल संचालकों की भूमिका को लेकर भी चिंता जताई गई। पत्रकार यूनियन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत लाभ और लोकप्रियता के लिए पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक और असत्य सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इससे न केवल पत्रकारों की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि मीडिया की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन में मांग उठाई गई कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। भ्रामक और अपमानजनक सामग्री फैलाने वालों पर आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं मामले में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है और इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अभद्र व्यवहार करने या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सभी व्यक्तियों और अकाउंट्स की पहचान कर उनके विरुद्ध आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।