हल्द्वानी शुद्धिकरण विवादः राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले अमित कुमार की पहचान पर उठे सवाल! वाल्मीकि समाज ने सौंपी लिखित शिकायत
हल्द्वानी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज मुकदमे को लेकर अब नया विवाद सामने आ गया है। मुकदमा दर्ज कराने वाले अमित कुमार की पहचान और उनके वाल्मीकि समाज से संबंध को लेकर समाज के लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि अमित कुमार ने खुद को वाल्मीकि समाज से जुड़ा बताकर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जबकि समाज की पड़ताल में उनका संबंध वाल्मीकि समाज से नहीं पाया गया है। इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति समाज का नाम इस्तेमाल कर किसी राजनीतिक या विवादित मामले में शिकायत दर्ज कराता है, तो इससे पूरे समाज की छवि प्रभावित होती है। इसलिए शिकायतकर्ता की वास्तविक पहचान, उसके दस्तावेजों और वाल्मीकि समाज से उसके संबंध की जांच की जानी चाहिए। वाल्मीकि समाज के कई प्रतिनिधि और पदाधिकारी हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले अमित कुमार का वाल्मीकि समाज से कोई संबंध नहीं है। देवभूमि सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से हल्द्वानी में शुद्धिकरण का मामला लगातार राजनीतिक और सामाजिक विवाद का विषय बना हुआ है। उनके मुताबिक राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्ति ने खुद को वाल्मीकि समाज का बताया है, लेकिन समाज के स्तर पर की गई पड़ताल में उसके वाल्मीकि समाज से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता के चचेरे भाई के भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की जानकारी सामने आई है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि किसी व्यक्ति द्वारा समाज का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल किए जाने की स्थिति में पूरे समाज को बदनाम करने की कोशिश के तौर पर इसे देखा जा सकता है। हल्द्वानी वाल्मीकि समाज महापंचायत के सरपंच अमरदीप ने भी शिकायतकर्ता की पहचान को लेकर सवाल उठाए। इस पूरे विवाद में अब पुलिस की भूमिका अहम हो गई है। वाल्मीकि समाज की ओर से शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस के सामने शिकायतकर्ता की पहचान और उसके द्वारा दिए गए विवरण की जांच का सवाल है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बड़ी रैली आयोजित हुई थी। रैली के बाद 11 अगस्त को कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल के मंच का शुद्धिकरण किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद उत्तराखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस ने मंच शुद्धिकरण के मामले को दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर प्रदर्शन किए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। दूसरी ओर भाजपा ने भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। इसी राजनीतिक विवाद के बीच राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी निवासी अमित कुमार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया।