गुटखे ने ली जानः थूकने के लिए ट्रैक की तरफ बढ़ा शख्स! तभी आ गई वंदे भारत ट्रेन, स्टेशन पर दर्दनाक मौत! हादसे का वीडियो वायरल

Gutkha claimed his life: A man stepped onto the tracks to spit! Just then, the Vande Bharat train arrived, killing him at the station! Video of the accident goes viral.

नई दिल्ली। बिहार में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है, यहां गुटखे की वजह से एक शख्स की जान चली गई। दरअसल, पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह व्यक्ति प्लेटफॉर्म से ट्रैक की ओर गया था और गुटखा थूकने लगा था। इसी दौरान दूसरी ओर से तेज रफ्तार में वंदे भारत एक्सप्रेस आ रही थी। ट्रेन के लगातार हॉर्न बजाने के बावजूद उसने ध्यान नहीं दिया और ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना बाढ़ रेलवे स्टेशन की है। घटना से जुड़ा जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें देखा जा सकता है कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद व्यक्ति गुटखा खा रहा था, वह ट्रैक की तरह गुटखा थूकने चला गया। ठीक उसी दौरान ट्रैक पर ट्रेन आ गई। ट्रेन का हॉर्न भी बजता रहा, इसके बावजूद उस व्यक्ति ने कोई भी ध्यान नहीं दिया। वह जैसे ही ट्रैक के नजदीक पहुंचा, गुजरती ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। लोग लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं, तो कुछ रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दे रहे हैं। रेल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे रेलवे ट्रैक के पास अनावश्यक रूप से न जाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म से नीचे उतरना और ट्रैक के पास जाना बेहद खतरनाक हो सकता है, खासकर जब हाई-स्पीड ट्रेनें गुजर रही हों।