Good Morning India: ट्रंप की हुंकार,जहाजों पर फिर हमला हुआ, तो अंजाम होगा बहुत बुरा,ईरान को अमेरिका की आखिरी चेतावनी,पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के सामने खोला निवेश का पिटारा, हरिद्वार में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, युवती की हत्या के आरोपी को पैर में लगी गोली,पंतनगर विवि परिसर में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप! कोतवाली में भारी हंगामा,देर रात दर्ज हुआ मुकदमा,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Trump issues a stern warning—further attacks on ships will lead to dire consequences; US issues final warning to Iran. PM Modi opens up investment opportunities for Australian com

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आइए शुरुआत करते हैं देश-दुनिया और आपके प्रदेश की उन बड़ी खबरों के साथ, जो आज दिनभर चर्चा में रहने वाली हैं। जहाजों पर फिर हमला हुआ, तो अंजाम बहुत बुरा होगा,ईरान को डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी,भारत में निवेश का सुनहरा मौका,पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को दिया बड़ा न्योता,परमाणु ऊर्जा से इंफ्रास्ट्रक्चर तक साझेदारी का आह्वान,कुदरत का कहर,महाराष्ट्र में मलबे में दबे 17 लोग, हिमाचल के कुल्लू में बादल फटा,पीओके में उबाल,संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे आंदोलनकारियों की हत्या पर भड़का विरोध,राम मंदिर चढ़ावा चोरी,रिश्तेदारों के खातों से छिपाई रकम,हरिद्वार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश को लगी गोली, महिला की हत्या की बात कबूली,उत्तराखंड में कई जिलों में 9 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल,टिहरी में भूस्खलन से मकान ढहा,टनकपुर में कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे जत्थे का भव्य स्वागत, 11 राज्यों के 47 श्रद्धालु यात्रा में शामिल,पंतनगर विवि में नाबालिगों से छेड़छाड़ का आरोप,कोतवाली में भारी हंगामा, आरोपी पर मुकदमा दर्ज,पुलिस ने शुरू की जांच,चुनावी व संगठनात्मक रणनीति का मंत्र देंगे केसी वेणुगोपाल, आज दो दिवसीय दौरे पहुंचेंगे दून

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए साफ किया है कि अगर व्यापारिक जहाजों पर हमले नहीं रुके, तो अमेरिका अपनी सैन्य कार्रवाई को और ज्यादा आक्रामक बनाएगा। ट्रंप की यह सख्त प्रतिक्रिया ईरान के चाबहार में हुए अमेरिकी हमलों के बाद सामने आई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के जरिए ईरान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि चाबहार में की गई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई, ईरान की ओर से अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने का सीधा और करारा बदला है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोटूक शब्दों में सचेत करते हुए कहा कि अगर ईरान ने ऐसी हिमाकत दोबारा की, तो उसे इसके बहुत बुरे अंजाम भुगतने होंगे। अपने इस बयान के साथ ही ट्रंप ने चाबहार में अमेरिकी हमलों के बाद मची तबाही की एक तस्वीर भी साझा की, जो अमेरिका के सख्त रुख और आक्रामक तेवरों को बयां करती है। इस चेतावनी के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और गहराने की आशंका बढ़ गई है, क्योंकि अमेरिका ने साफ कर दिया है कि वह वैश्विक व्यापार और समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

वही उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की विकास यात्रा में ऑस्ट्रेलिया को एक बेहद महत्वपूर्ण साझेदार बताया है। ऑस्ट्रेलियाई सीईओ और उद्योगपतियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में पीएम मोदी ने उन्हें भारत के बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करने का खुला निमंत्रण दिया।प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पास मौजूद विशाल यूरेनियम भंडार और उन्नत तकनीक, भारत की महत्वाकांक्षी परमाणु ऊर्जा योजनाओं को पूरा करने में पूरक की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने भारत की बदलती आर्थिक तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि देश के बंदरगाहों, हवाई अड्डों, सड़कों, रेलवे और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए दीर्घकालिक निवेश की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया की आधुनिक प्रौद्योगिकी, पूंजी और प्रचुर संसाधन मिलकर भारत के विकास पथ को दोगुनी रफ्तार दे सकते हैं।वैश्विक रणनीतिक और लोकतांत्रिक ताने-बाने पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं, बल्कि हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि के लिए भी दोनों देशों का दृष्टिकोण बिल्कुल समान है। उन्होंने व्यापारिक समुदाय को प्रेरित करते हुए कहा कि दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय आ गया है और इसमें कॉरपोरेट जगत के कप्तानों (सीईओ) की भूमिका सबसे अहम है।

इधर देश के कई हिस्सों में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश से तबाही की दो बड़ी खबरें सामने आई हैं, जहां भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कचरे का एक विशाल पहाड़ अचानक ढह गया। यह मलबा पास ही स्थित एक तीन मंजिला इमारत पर जा गिरा। हादसे के वक्त इमारत में मौजूद करीब 17 लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे हैं और मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी प्रकृति का तांडव देखने को मिला है। कुल्लू में अचानक बादल फटने से पहाड़ी इलाकों में भीषण बाढ़ आ गई है। मूसलाधार पानी के तेज बहाव ने रास्तों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे कई गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। बाढ़ के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन लापता लोगों और नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ प्रभावित गांवों तक राहत सामग्री पहुंचाने की कोशिशों में जुटा है।

उधर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अपने बुनियादी और संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे स्थानीय आंदोलनकारियों की हत्या के बाद विरोध-प्रदर्शन बेहद उग्र हो गया है। प्रशासन की इस बर्बर कार्रवाई को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। लोग सड़कों पर उतरकर न्याय और अधिकारों की मांग कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से संवैधानिक अधिकार, बेहतर प्रशासन और नागरिक सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाने की कोशिश की गई, जिसके चलते हिंसा हुई और आंदोलनकारियों की जान चली गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

इधर एक बार फिर अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपियों ने कुबूल किया है कि उन्होंने चोरी की गई बड़ी रकम को सीधे ठिकाने लगाने के बजाय, अपने करीबी रिश्तेदारों के अलग-अलग बैंक खातों के जरिए रूट किया और छिपाने की कोशिश की। पुलिस अब उन बैंक खातों को फ्रीज करने और बाकी पैसों की रिकवरी में जुट गई है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने एक महिला की बेरहमी से हत्या की थी और शव को हरिद्वार में फेंककर फरार हो गए थे. देर रात चेकिंग कर रही पुलिस टीम के साथ उनकी मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में जीशान नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि फरार हुए आरोपी की पहचान शाहनवाज निवासी नहटौर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। 

उधर उत्तराखंड में मानसून की बारिश जमकर हो रही है। जिससे कई जगहों पर सड़कें बाधित हैं, तो कहीं नदी नाले उफनाए हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो 9 जुलाई को भी कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। जिसे देखते हुए देहरादून, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर जिले में 9 जुलाई को स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की घई गहै। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती है। जिसे देखते हुए चेतावनी के तौर पर 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट किया गया है। 

इधर आस्था, श्रद्धा और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम बुधवार को टनकपुर में देखने को मिला, जब कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के दूसरे जत्थे का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। देश के 11 राज्यों से आए 47 श्रद्धालुओं ने देवभूमि से अपनी पवित्र यात्रा की शुरुआत की। जिला प्रशासन और कुमाऊं मंडल विकास निगम ने उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के दूसरे जत्थे का बुधवार की शाम को टनकपुर पहुंचने पर पारंपरिक उत्तराखंडी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। देश के 11 राज्यों से आए 47 श्रद्धालुओं का जिला प्रशासन और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के अधिकारियों ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य से अभिभूत श्रद्धालुओं के चेहरों पर यात्रा को लेकर उत्साह और श्रद्धा साफ दिखाई दी. कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे जत्थे में कुल 47 यात्री शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 13 महिलाएं हैं। 

वही देर रात ऊधम सिंह नगर जनपद के प्रतिष्ठित पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर से नाबालिग बच्चियों के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। इस घटना की खबर फैलते ही बुधवार देर रात पंतनगर कोतवाली में भारी हंगामा और गहमा-गहमी देखने को मिली। जैसे ही स्थानीय निवासियों और महिलाओं को इस शर्मनाक घटना की भनक लगी, बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर सीधे पंतनगर कोतवाली पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने कोतवाली परिसर का घेराव कर आरोपी के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। मामले की संवेदनशीलता और लोगों के भारी गुस्से को देखते हुए देर रात तक कोतवाली में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विश्वविद्यालय परिसर में ठेका कर्मी (कॉन्ट्रैक्ट वर्कर) के रूप में काम करने वाले आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है और कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल आज बृहस्पतिवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी व संगठनात्मक रणनीति का मंत्र देंगे। पहली बार उत्तराखंड आ रहे राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल के दौरे से पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके दौरे के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनका यह दौरा उत्तराखंड में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों व संगठनात्मक रणनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नौ व दस जुलाई तक राष्ट्रीय महासचिव प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्षों के साथ लगातार बैठक करेंगे।

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ