दुखदः देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन! 70 की उम्र में ली अंतिम सांस, परिवार और प्रशंसकों पर टूटा दुखों का पहाड़

Dev Anand's son Sunil Anand passes away! He breathed his last at the age of 70, leaving his family and fans in deep grief.

मुंबई। बॉलीवुड के एवरग्रीन स्टार और दिग्गज अभिनेता देव आनंद के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके बेटे और अभिनेता सुनील आनंद का 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि लंदन में उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी परिवार की ओर से दी गई है। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर है। देव आनंद की पोती जीना नारंग ने सुनील आनंद के निधन की पुष्टि करते हुए परिवार की ओर से एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि भारी मन से उनका परिवार सुनील आनंद के निधन पर शोक व्यक्त करता है। परिवार ने इस मुश्किल घड़ी में मिल रहे लोगों के प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए आभार जताया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि दुख की इस घड़ी में परिवार की निजता का सम्मान किया जाए।

पिता देव आनंद की राह पर चले सुनील आनंद
सुनील आनंद ने भी अपने पिता देव आनंद की तरह फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। देव आनंद ने ही उन्हें बॉलीवुड में लॉन्च किया था। वर्ष 1984 में फिल्म ‘आनंद और आनंद’ से सुनील आनंद ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। इसके बाद उन्होंने ‘कार थीफ’ और ‘मैं तेरे लिए’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। ‘मैं तेरे लिए’ में उनके साथ अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्री नजर आई थीं। हालांकि, सुनील आनंद को अभिनय के क्षेत्र में अपने पिता जैसी सफलता नहीं मिल सकी। बाद में उन्होंने अभिनय से दूरी बनाकर अपने पिता की प्रोडक्शन कंपनी नवकेतन फिल्म्स के कामकाज में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। वर्ष 2001 में उन्होंने फिल्म ‘मास्टर’ के जरिए निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा। मार्शल आर्ट्स पर आधारित यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी।

ज्यूरिख में हुआ था जन्म
सुनील आनंद का जन्म स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुआ था। वह अभिनेता देव आनंद और अभिनेत्री कल्पना कार्तिक के बेटे थे। उन्होंने अपनी शिक्षा अमेरिका में पूरी की थी। सुनील आनंद ने शादी नहीं की थी। उनके परिवार में उनकी मां कल्पना कार्तिक, बहन देविना आनंद और अन्य परिजन हैं। सुनील आनंद के निधन से देव आनंद के प्रशंसकों के बीच भी शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।