Good Morning India: ट्रंप ने पांच और देशों पर लगाया ट्रैवल बैन! शीतलहर का प्रकोप, कोहरे ने रोकी रफ्तार! नमस्ते इंडिया कहकर विदा हुए मेसी! उत्तराखण्ड के ऋषिकेश में बड़ा हादसा, चार लोगों की मौत! जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Trump imposes travel ban on five more countries! Cold wave and fog halt travel! Messi bids farewell with a Namaste India! Major accident in Rishikesh, Uttarakhand, four dead! Find

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की बड़ी खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। आज भारत आ सकते हैं अफगानिस्तान के पब्लिक हेल्थ मिनिस्टर नूर जलाल जलाली। वहीं दिल्ली-NCR में पॉल्यूशन से संबंधित याचिकाओं पर आज सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट। इधर VB-G RAM-G बिल के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी राज्यों में शुष्क लेकिन तीखी ठंड और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और प्रदूषण जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। वहीं, दक्षिण भारत और समुद्री क्षेत्रों में चक्रवातीय प्रसार के चलते गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत पर पश्चिमी विक्षोभ और उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का असर बना हुआ है, जबकि दक्षिण में ऊपरी हवाओं की गतिविधियां सक्रिय हैं। दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरने से 5 दिन तक कोहरे का अनुमान है।

इधर फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में शामिल अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी ने अपने GOAT इंडिया टूर के समापन पर भारत का खुलकर धन्यवाद किया है। मेसी ने भारत में मिले प्यार, सम्मान और मेहमाननवाजी को यादगार बताया और कहा कि यहां का अनुभव उनके लिए खास रहा। इस दौरे ने देशभर में फुटबॉल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया। मेसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत को 'नमस्ते' कहा और दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद व कोलकाता की यात्रा को शानदार बताया। उन्होंने लिखा कि पूरे दौरे के दौरान जिस तरह का प्यार और अपनापन मिला, वह अविस्मरणीय है। मेसी ने उम्मीद जताई कि भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल होगा।

उधर अमेरिका जाने का सपना देखने वालों के लिए एक बार फिर झटका लगा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली अमेरिकी सरकार ने ट्रैवल और इमिग्रेशन नियमों को और सख्त करते हुए ट्रैवल बैन का दायरा बढ़ा दिया है। नए फैसले के तहत पांच और देशों को पूरी तरह ट्रैवल बैन की सूची में शामिल किया गया है, जबकि कई अन्य देशों के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। यह कदम अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के नाम पर उठाया गया है। ट्रंप प्रशासन का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब हाल ही में थैंक्सगिविंग वीकेंड के दौरान दो नेशनल गार्ड जवानों पर गोलीबारी के मामले में एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अमेरिकी सरकार ने एक बार फिर एंट्री स्टैंडर्ड्स को कड़ा करने की जरूरत पर जोर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला देश की सुरक्षा और इमिग्रेशन नीति को मजबूत करने के लिए उठाया गया कदम है।

इधर लुधियाना की सेंट्रल जेल के अंदर कैदियों के दो गुटों में मारपीट की खबर है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात 8 बजे के आसपास कैदियों के दो गुटों के बीच हुई बहसबाज़ी बाद में मारपीट में बदल गई, जिससे जेल के अंदर अचानक अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हालात को संभालने के लिए वहां पहुंचे जेल अधिकारियों पर भी कैदियों ने हमला कर दिया।  इस हमले में जेल सुपरिटेंडेंट कुलवंत सिद्धू को सिर में गंभीर चोटें आईं हैं और उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि एक कैदी ने उन पर ईंट से सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

उधर यूपी के मेरठ में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां एक कार के हिंडन नदी में गिरने से उसमें सवार एक हेड कांस्टेबल समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल सहित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि कार पुल के पिलर से टकराने के बाद नीचे नदी के जा गिरी और पूरी तरह चकनाचूर हो गई। यह घटना बालैनी मार्ग पर बालैनी पुल पर हुई। हादसे में बागपत जिले के सिंघावली अहीर थाना में तैनात हेड कांस्टेबल एवं बुलंदशहर के गंगाहरि निवासी 35 वर्षीय राहुल कुमार और बागपत निवासी 32 वर्षीय अजरुद्दीन की मौत हो गई। दुर्घटना में कांस्टेबल कौशल शर्मा और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इधर दुनिया के मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने अनंत अंबानी द्वारा स्थापित वंतारा का खास दौरा किया। वंतारा एक वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्र है। यहां की परंपरा के अनुसार, सभी कार्यक्रम सनातन धर्म के अनुसार प्रकृति और सभी जीवों के प्रति सम्मान के साथ शुरू होते हैं। मेसी की यात्रा में भी इस सांस्कृतिक भावना को दिखाया गया। उन्होंने पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों में हिस्सा लिया, वन्यजीवों को देखा और देखभाल करने वालों तथा संरक्षण टीम से बातचीत की। मेसी अपने इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ आए। उनका स्वागत पारंपरिक तरीके से हुआ। जीवंत लोक संगीत बजा, फूलों की बारिश हुई जो आशीर्वाद और शुद्ध इरादे का प्रतीक है, और आरती की गई। फुटबॉल के इस दिग्गज ने मंदिर में महा आरती में हिस्सा लिया। इसमें अंबे माता पूजा, गणेश पूजा, हनुमान पूजा और शिव अभिषेक शामिल थे। उन्होंने विश्व शांति और एकता के लिए प्रार्थना की, जो भारत की सभी जीवों के प्रति सम्मान की सदियों पुरानी भावना से मेल खाती है।

उधर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को 34 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया । इनमें सात महिला और 27 पुरुष कैडर हैं। सरेंडर करने वालों में दक्षिण सब जोनल ब्यूरो (DKSZC) के कैडर के साथ-साथ तेलंगाना स्टेट कमेटी तथा एओबी डिवीजन से जुड़े माओवादी भी शामिल हैं। इनमें सात महिला और 27 पुरुष कैडर हैं। जिन्होंने माओवादी विचारधारा से स्वयं को अलग कर भारतीय संविधान में आस्था व्यक्त की है। ये कैडर दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी), तेलंगाना स्टेट कमेटी और आंध्र-ओडिशा बॉर्डर डिवीजन में सक्रिय थे। पुलिस के अनुसार, एक जनवरी 2024 से अब तक बीजापुर जिले में 824 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। 1079 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 220 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। 

इधर अमेरिका और वेनेज़ुएला के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा कदम उठाते हुए वेनेज़ुएला में आने और वहां से जाने वाले सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर पूर्ण नाकाबंदी का आदेश दिया है। यह कदम वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर दबाव बढ़ाने के लिए उठाया गया है। ट्रंप के इस नए कदम से दक्षिण अमेरिकी देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ने वाला है। ट्रंप ने यह कदम तब उठाया है जब पिछले हफ्ते अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त कर लिया था। यह एक असामान्य कदम था, जो इस क्षेत्र में सैन्य बलों की तैनाती के बाद उठाया गया था। सोशल मीडिया पर नाकेबंदी की घोषणा करते हुए एक पोस्ट में, ट्रंप ने आरोप लगाया कि वेनेजुएला तेल का इस्तेमाल ड्रग तस्करी और दूसरे अपराधों को फंड देने के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की सैन्य तैनाती जारी रहेगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऋषिकेश क्षेत्र में मनसा देवी मंदिर के रेलवे फाटक के पास देर रात भीषण दुर्घटना हो गई। बेहद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। क्षत-विक्षत शव बाहर निकालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मांस के लोथड़े सड़क पर इधर-उधर बिखर गए। वाहन काटकर शव निकाले जा सके। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात 10:30 बजे के करीब एक बेहद तेज रफ्तार कार हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही थी। एक के बाद एक उसने कई कारों को ओवरटेक किया। इसके बाद एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सड़क पर आए किसी जानवर को बचाने के चक्कर में चालक ने कार को बाईं ओर मोड़ा और नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर कार स्वामी की जानकारी निकाली।

इधर हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में मदरसे में पढ़ने वाले चार नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की अलग-अलग टीमें चारों की तलाश में बाहर भेजी गई हैं। पुलिस के अनुसार, अलावलपुर पथरी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 14 दिसंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे उनका 15 वर्षीय बेटा बिना बताए घर से कहीं चला गया। उसके साथ उसके तीन साथी दोस्त भी थे। सभी मदरसे में पढ़ाई कर हाफिज का कोर्स कर रहे थे। जब एक साथ चारों लापता हुए तो उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन चारों का कुछ पता नहीं चल पाया।

उधर काशीपुर कोतवाली पुलिस, काशीपुर एसओजी और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने एक ट्रांसपोर्ट से एक करोड़ से अधिक मूल्य के नशे के इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी द्वारा ट्रांसपोर्ट से नशे की खेप मंगाई गई थी। पुलिस ने 43 हजार 950 इंजेक्शन को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार चल रहा है।