Aug 26, 2026 Login

पंतनगर विश्वविद्यालय को मिली अत्याधुनिक स्काई लिफ्ट वाहन की सुविधा,ऊंचाई पर विद्युत कार्य अब होंगे ज्यादा सुरक्षित

Pantnagar University gets the facility of state-of-the-art sky lift vehicle, safety and speed will increase in electrical maintenance

पंतनगर।

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में विद्युत विभाग को अत्याधुनिक स्काई लिफ्ट यानी हाइड्रोलिक लैडर वाहन की सुविधा मिली है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने मंगलवार को वाहन का विधिवत उद्घाटन किया।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह वाहन विश्वविद्यालय के विशाल परिसर में ऊंचाई पर स्थित विद्युत खंभों और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, विद्युत लाइनों की मरम्मत तथा हाईटेंशन विद्युत तारों के आसपास पेड़ों की सुरक्षित छंटाई जैसे कार्यों में उपयोगी साबित होगा।

 

स्काई लिफ्ट वाहन की सुविधा मिलने से विद्युत एवं तकनीकी कर्मचारियों को ऊंचाई पर काम करने के दौरान पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षा मिलेगी। साथ ही विद्युत संबंधी आपातकालीन समस्याओं के समाधान में भी समय की बचत होगी और रखरखाव कार्य अधिक तेजी से किया जा सकेगा।

कुलपति डॉ. कश्यप ने कहा कि विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीक और आवश्यक संसाधनों को बढ़ावा देना सुरक्षित, प्रभावी और त्वरित कार्यप्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नई सुविधा का उद्देश्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर में विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्काई लिफ्ट वाहन के उपयोग से ऊंचाई पर होने वाले विद्युत एवं रखरखाव कार्यों में जोखिम कम होगा और कार्यों की गुणवत्ता तथा दक्षता में सुधार आएगा।