एशियन पैरा गेम्स में भारत का दमदार आगाज! निषाद कुमार ने लंबी कूद में जीता स्वर्ण, कोकिला को रजत और कपिल परमार ने दिलाया कांस्य, पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर
नई दिल्ली। एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन को देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के शुरुआती दिन भारत के 168 सदस्यीय दल ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश की। निशानेबाजी में पदक जीतने के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों ने लंबी कूद, जूडो और पैरा टेबल टेनिस में भी दमदार प्रदर्शन किया। दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद कुमार ने पुरुषों की टी47 लंबी कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। वहीं, जूडो खिलाड़ी कोकिला ने रजत और कपिल परमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत की नजरें पिछले संस्करण में जीते गए 111 पदकों के आंकड़े को पीछे छोड़ने पर टिकी हैं। भारत के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक निषाद कुमार का स्वर्ण पदक रहा। पुरुषों की टी47 लंबी कूद स्पर्धा में उन्होंने 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। निषाद ने दूसरे प्रयास में 7.09 मीटर की छलांग के साथ बढ़त बनाई और तीसरे प्रयास में इसे 7.11 मीटर तक पहुंचा दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने भारत को प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक दिलाया।
उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव ने 6.99 मीटर की छलांग के साथ रजत, जबकि श्रीलंका के मोहम्मदू सफरान ने 6.55 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। निषाद कुमार ऊंची कूद के विशेषज्ञ हैं और पेरिस पैरालंपिक में रजत पदक जीत चुके हैं। भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिलाओं की जे2-52 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उन्हें किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक क्यजी के खिलाफ महज 21 सेकंड में इप्पोन से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, फाइनल तक पहुंचकर कोकिला ने अपना पदक पक्का किया और पिछले हांगझोऊ एशियाई पैरा खेलों में जीते कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, पुरुषों की जे1-70 किलोग्राम स्पर्धा में कपिल परमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया। उन्होंने इंडोनेशिया के रफली अहनाफ शिदकी को एक मिनट नौ सेकंड में इप्पोन के जरिए हराया। कपिल पेरिस पैरालंपिक में भी कांस्य पदक जीत चुके हैं।
पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने महिला एकल क्लास 4-5 स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए कम से कम एक पदक सुनिश्चित कर दिया है। उन्होंने चीन की मियाओ झांग को 3-1 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद भाविना ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 8-11, 11-6, 11-1, 11-6 से अपने नाम किया। अब उनकी नजरें फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक जीतने पर होंगी। दूसरी ओर, पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत की जसप्रीत कौर महिलाओं की 45 किलोग्राम तक की स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं। वह 102 किलोग्राम वजन उठाने में सफल नहीं हो सकीं और पदक से चूक गईं।