Oct 19, 2026 Login
Awaaz24x7-government

नानकमत्ता हत्याकांड: पुलिस का बड़ा एक्शन, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार! तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद

Nanakmatta murder case: Major police action; two named suspects arrested! Firearm, ammunition, and a motorcycle recovered.

नानकमत्ता/रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सिद्धा नवदिया गांव में पथराव और फायरिंग के दौरान 35 वर्षीय सतनाम सिंह की हत्या कर दी गई थी। मामले में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित पांच पुलिस टीमों ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को सोनू सिंह निवासी ग्राम सिद्धा नवदिया ने कोतवाली नानकमत्ता में तहरीर देकर छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी अवैध हथियारों से लैस होकर एकराय होकर उनके घर पहुंचे, पथराव और फायरिंग की तथा इस दौरान उनके भाई सतनाम सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को मटिहा बॉर्डर से दो नामजद आरोपियों कुलदीप सिंह उर्फ बंटी (28 वर्ष), निवासी सिद्धा नवदिया, और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (23 वर्ष), निवासी नौगजा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान कुलदीप सिंह के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग मामले दर्ज हैं।