Good Morning India: उत्तराखण्ड में दिल दहलाने वाला हादसा, लग्जरी कार ने 6 लोगों को रौंदा, 4 की मौत! होली पर अलर्ट, किन्नरों ने श्मशान घाट पर खेली मसाने की होली

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज NATO महासचिव मार्क रूटे व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मिलेंगे। दोनों के बीच रूस-यूक्रेन जंग और नाटो में यूरोपीय देशों के खर्च बढ़ाने पर बात हो सकती है। वहीं आज विमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। जीतने वाली टीम 15 मार्च को फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
अब अभी तक की बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने दावा किया कि बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक खत्म हो गया। सुरक्षाबलों ने सभी 33 बलूच लड़ाकों को मार गिराया। ऑपरेशन में कुछ बंधक भी मारे गए। BLA ने 11 मार्च को बोलान में जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर 214 यात्रियों को बंधक बनाया था। करीब 36 घंटे तक ट्रेन को हाईजैक करके रखा।
इधर देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर रिलायंस जियो ने सैटैलाइट इंटरनेट सर्विस मुहैया कराने के लिए इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के साथ डील की है। एक दिन पहले एयरटेल ने भी ये डील की थी। समझौते के तहत, स्पेसएक्स और जियो दूरदराज के क्षेत्रों में स्टारलिंक सर्विसेस देने के लिए मिलकर काम करेंगे।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मॉरीशस के 57वें नेशनल डे’ इवेंट में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए। इस दौरान उन्हें मॉरीशस के सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' से नवाजा गया। वे यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय हैं। यह मोदी को मिला 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। भारत और मॉरीशस के बीच 8 समझौते हुए। भारत, मॉरीशस में नया संसद भवन बनवाने में भी मदद करेगा।
इधर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC की ओर से जारी बल्लेबाजों की ताजा वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा नंबर-3 पर पहुंच गए हैं। पहले वो पांचवें पायदान पर थे। पहले पर शुभमन गिल और दूसरे पर पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम हैं। वहीं शुभमन गिल ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बने हैं। उन्होंने तीसरी बार ये अवॉर्ड हासिल किया है।
उधर यूक्रेन वॉर खत्म करने को लेकर सऊदी अरब के जेद्दाह में अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसके बाद यूक्रेन ने अमेरिका के 30 दिन का युद्धविराम प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसकी पुष्टि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने की। वहीं रूसी राष्ट्रपति ऑफिस ने कहा, 'हम सऊदी अरब में हुई बातचीत को स्टडी कर रहे हैं। साथ ही अमेरिका की ओर से बातचीत के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।'
इधर इस साल होली और रमजान का जुमा एक ही दिन पड़ रहा है। अब से 64 साल पहले 4 मार्च 1961 को होली पर ऐसा संयोग हुआ था। इसे लेकर यूपी में पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है। शाहजहांपुर और संभल में मस्जिदों को रंग-गुलाल से बचाने के लिए तिरपाल से ढक दिया गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, यहां राजधानी देहरादून में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया । मसूरी रोड पर ओवर स्पीड लग्जरी कार ने सड़क किनारे जा रहे 6 लोगों को रौंद डाला है। इनमें से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। इसके अलावा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे के बाद कार फरार है जिसकी तलाश जारी है।
इधर होली अभिनंदन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ खूब होली खेली। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे। दोनों होली के गीतों पर खूब थिरके। नगर निगम परिसर में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में मेयर, मंत्री औऱ विधायक भी शामिल हुए। इस अवसर संस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम की कई सुविधाओं को ऑनलाइन करने के लिए एक सॉफ्टवेयर का उद्घाटन किया।
उधर हरिद्वार जिले के रुड़की में फैक्ट्री कर्मचारी को किडनैप कर उसे लूटने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस किडनैपिंग और लूटकांड का खुलासा 24 घंटे अंदर करने का दावा किया है। पुलिस को आरोपियों के पास से लूट का सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद हुआ है। लूटपाट के बाद आरोपी पीड़ित को मंगलौर क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए थे। चारों आरोपी ढंडेरा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
इधर इस बार होली और जुम्मे की नमाज एक साथ है। जिसके चलते पुलिस विभाग के सामने दोहरी चुनौती आ गई है। इस बारे में पुलिस मुख्यालय ने सभी जनपदों को दिशा निर्देश जारी करते हुए विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिये हैं। राज्य भर में ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया गया है जहां होली पर माहौल बिगड़ने की संभावना है। खासकर ऐसे क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ाई जा रही है जहां हिंदू आबादी के साथ-साथ मुस्लिम आबादी भी मौजूद है। इस तरह मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी रखा जाएगा। जिससे शांति व्यवस्था खराब होने के हालात न बनें।
उधर इन दिनों देशभर में रंगों के त्योहार होली का खुमार छाया हुआ है। धर्मनगरी नगरी हरिद्वार भी होली के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इसी कड़ी में किन्नर अखाड़े ने खड़खड़ी श्मशान घाट पर मसाने की होली खेली। इस दौरान किन्नर समाज के लोगों ने श्मशान में चिताओं की राख और रंग से होली मनाई। शमशान में चिताओं के सामने किन्नरों को होली खेलता देख लोग आश्चर्य चकित रह गए।