Aug 24, 2026 Login

Good Morning India: रांची-दिल्ली एयर एम्बुलेंस हादसे में 7 लोगों की मौत! यहां घर में लगी भीषण आग ने छीनीं एक ही परिवार की 6 जिंदगियां! एक और ब्लू ड्रम कांड, बेटे ने पिता की हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में छिपाए! जानें और क्या है खास?

Good Morning India: Seven people died in the Ranchi-Delhi air ambulance accident! A massive house fire claimed six lives in the same family! Another Blue Drum incident: A son murdered his father and

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। राहुल गांधी और खड़गे आज भोपाल में करेंगे 'किसान महापंचायत', US ट्रेड डील के खिलाफ हल्लाबोल। वहीं प्रियंका गांधी आज से वायनाड के दौरे पर रहेंगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय युवक को अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पहले अपने पिता को गोली मारी, फिर शव के टुकड़े किए और शरीर के हिस्सों को अलग-अलग जगह फेंक दिया। मृतक की पहचान 49 वर्षीय मनवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनका फार्मास्युटिकल (दवा) और शराब का कारोबार था। वह शुक्रवार से लापता थे, जिसके बाद उनकी गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। जांच के दौरान जब पुलिस उनके घर पहुंची तो उन्हें एक नीले ड्रम में शव के कुछ हिस्से मिले। इसके बाद शक की सुई उनके बेटे अक्षत प्रताप सिंह पर गई और उससे पूछताछ शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों के बीच फिर से करियर को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान अक्षत ने राइफल से अपने पिता को गोली मार दी। गोली मारने के बाद उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे भूतल तक लाया। फिर एक खाली कमरे में शव के टुकड़े करने लगा। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान उसकी बहन ने उसे देख लिया। लेकिन अक्षत ने उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया। इसके बाद उसने बहन के सामने ही शव के टुकड़े किए और उन्हें प्लास्टिक में पैक किया। बाद में वह शरीर के कुछ हिस्सों को लेकर सदरुना इलाके के पास फेंक आया। वहीं धड़ समेत कुछ हिस्से उसने घर के अंदर रखे नीले ड्रम में छिपा दिए।

उधर झारखंड के चतरा में हुए प्लेन क्रैश में दो क्रू मेंबर और पांच पैसेंजर समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने सभी 7 शव बरामद कर लिए है, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। जो चार्टर प्लेन हादसे का शिकार हुआ है वह एक एयर एंबुलेंस था। उसमें रांची में भर्ती बर्न इंजरी के एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान ने शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी जिसे रात साढ़े 8 बजे दिल्ली पहुंचना था। लेकिन उड़ान के 23 मिनट बाद 7 बजकर 34 मिनट पर प्लेन का संपर्क ATC से टूट गया और फिर विमान हादसे का शिकार हो गया। ये हादसा चतरा जिले के सिमरिया ब्लॉक के पास हुआ। विमान का मलबा सिमरिया के कसरिया गांव के जंगल में गिरा। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि एयर एंबुलेंस खराब मौसम या तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना का शिकार हुई है।  

इधर जैसे-जैसे फरवरी खत्म हो रही है, देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में गर्मी की दस्तक के संकेत दिखने लगे हैं, जबकि दक्षिणी राज्यों में लो-प्रेशर सिस्टम के असर से लगातार बारिश हो रही है। इस बदलाव की वजह से तापमान में असामान्य उतार-चढ़ाव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु और केरल में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी की तेज़ हवाएं चलने की उम्मीद है। 24 फरवरी को ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली कड़कने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय, तेलंगाना में बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में में आज और कल बारिश की संभावना है। 26-28 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है।

उधर उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर में एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के 6 लोगों की जान ले ली। मृतकों में 5 बच्चे और एक महिला शामिल है। इस हादसे से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, किदवई नगर निवासी इकबाल के घर में सोमवार शाम अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि घर में कपड़े का काम होता है, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग घर के निचले तल से शुरू होकर ऊपर की ओर पहुंची। इलाका काफी भीड़भाड़ वाला और गलियां संकरी होने की वजह से छत के रास्ते झुलसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इधर सुप्रीम कोर्ट के बाद अब डेमोक्रेट्स ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दिया है। तीन सीनेट डेमोक्रेट्स ने ट्रंप सरकार के अवैध आदेश से वसूले गए टैरिफ को लौटाने की मांग की है। यह राशि लगभग 175 अरब डॉलर तक है। डेमोक्रेट्स ने टैरिफ राजस्व को रिफंड करने की मांग की है, क्योंकि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि ट्रंप के अवैध आदेशों के कारण इस टैरिफ को वसूला गया है। डेमोक्रेट्स लीडर ओरेगन के सीनेटर रॉन वाइडेन, मैसाचुसेट्स के एड मार्की और न्यू हैम्पशायर की जीन शाहीन संसद में एक बिल पेश कर रहे हैं, जिसमें यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) को 180 दिनों के भीतर रिफंड जारी करने और रिफंड राशि पर ब्याज देने की आवश्यकता होगी। यह उपाय छोटे व्यवसायों को रिफंड में प्राथमिकता देगा और आयातकों, थोक विक्रेताओं तथा बड़ी कंपनियों को रिफंड को उनके ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। वाइडेन ने कहा, "ट्रंप की अवैध कर योजना ने पहले से ही अमेरिकी परिवारों, छोटे व्यवसायों और निर्माताओं को स्थायी नुकसान पहुंचाया है, जिन्हें ट्रंप के नए-नए टैरिफ की लहरों से बुरी तरह प्रभावित किया गया है।

उधर गुरदासपुर में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट दोरांगला सेक्टर में स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या हुई थी। वहीं अब पाकिस्तान स्थित एक गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें एक अज्ञात शूटर को नजदीक से एक पुलिसकर्मी पर गोली चलाते हुए दिखाया गया है। गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा पोस्ट किया गया अप्रमाणित वीडियो को खुद को तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान कहने वाले संगठन ने भी साझा किया, जिसने रविवार को हुई हत्याओं की जिम्मेदारी ली थी। पंजाब पुलिस ने इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

इधर एपस्टीन मामले में ब्रिटिश शाही परिवार से जुड़ी पहली गिरफ्तारी के बाद ब्रिटेन पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। ब्रिटेन की पुलिस ने एपस्टीन फाइल के खुलासों के बाद कदाचार के संदेह में अमेरिका में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन को गिरफ्तार किया है। ब्रिटिश पुलिस ने यह गिरफ्तारी दोषी यौन अपराधी एपस्टीन से उनके संबंधों के खुलासे के बाद की गई। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस फोर्स ने कहा कि 'अधिकारियों ने उत्तरी लंदन के एक पते से सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के संदेह में 72 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।' 72 वर्षीय मेंडेलसन को सितंबर 2025 में ब्रिटेन की राजनयिक सेवा में सबसे प्रतिष्ठित पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इससे पहले उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी भी ली गई थी।

उधर खुद को "मौत के फरिश्ता" मानने वाले जैश के कमांडर सैफुल्लाह व उसके साथियों को भी मौत ही नसीब हुई। इन आतंकियों ने अपने दल का नाम अज्राइल ग्रुप रखा था। इस्लामिक धार्मिक मान्यताओं में अज्राइल को मलाक-उल-मौत यानी मौत का फरिश्ता माना जाता है। सूत्रों के अनुसार, स्थानीय सहयोग के चलते ही यह आतंकी दल दुर्गम इलाकों में गश्त कर रहे सुरक्षाबलों पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों से हमला कर उन्हें नुकसान पहुंचाता था। सूत्रों के अनुसार, 2024 को सीमा पार से घुसपैठ कर आया यह आतंकी दल सुरक्षाबलों पर हमला कर भाग जाता था। स्थानीय सहयोग की मदद से उन्हें छिपने के ठिकानों में खाने, पीने व अन्य सामान की कोई कमी नहीं रहती थी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में 2027 में होने वाले कुंभ मेला की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ की राशि जारी कर दी है। इस राशि के मिलने से कुंभ मेला क्षेत्र में होने वाले अवस्थापना विकास व घाटों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्यों में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा, कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

इधर कोटद्वार में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दुगड्डा स्थित पार्क के समीप हाईवे से गुजर रहे एक गैस सिलिंडर के ट्रक की चपेट में आने से आठ साल के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना सोमवार देर शाम की है। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (8) घर के पास के पार्क में खेलने के लिए गया हुआ था। घर लौटते वक्त वह हाईवे क्रॉस कर रहा था। इस दौरान कोटद्वार की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पास ही बैरियर पर मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्चे को आकस्मिक सेवा वाहन 108 से बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। 

उधर देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां एक बुलेट बाइक एक वाहन से टकरा गई। जिसमें बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। बुलेट पर सवार लोगों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राणा का बेटा विजय राणा और भांजा रुद्र प्रताप सवार थे। 22 फरवरी को ही विजय की मंगनी हुई थी। इस दुखद दुर्घटना पर कांग्रेस महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने दुख जताया है। उधर, चंपावत में भी हादसे में एक युवक की जान गई है।