Sep 02, 2026 Login

Good Morning India: सोनम को लेकर मेघालय पहुंची पुलिस, रीक्रिएट किया जाएगा सीन, चारों आरोपियों ने कबूला जुर्म! कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, देश में 6800 केस! उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों में रिजर्वेशन का नोटिफिकेशन जारी, जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Police reached Meghalaya with Sonam, scene will be recreated, all four accused confessed their crime! Corona gained momentum, 6800 cases in the country! Notification of reservatio

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला इसरो-नासा के जॉइंट मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना होंगे। 4 एस्ट्रोनॉट्स 14 दिन तक स्पेस स्टेशन में रहेंगे। इधर आज बेंगलुरु भगदड़ केस में RCB मार्केटिंग हेड निखिल सोसले की याचिका पर सुनवाई होगी। निखिल ने अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताया है। वहीं आज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 का फाइनल ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच शुरू होगा। मैच लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में 15 जून के बीच होंगे। इधर आज अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली को इजराइल 1 मिलियन डॉलर का जेनेसिस पुरस्कार देगा। वह इजराइली संसद में भाषण भी देंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, सोनम और राजा रघुवंशी का मामला देशभर में चर्चा में है। इस बीच इंदौर पुलिस ने खुलासा किया है कि सोनम ही राजा रघुवंशी हत्याकांड की मास्टरमाइंड है। हत्या करते वक्त सोनम, आरोपियों के साथ मौजूद थी। इंदौर क्राइम ब्रांच एसीपी पूनम चंद यादव ने कहा कि इंदौर में चारों आरोपियों ने जुर्म कबूला है। 

इधर मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी मर्डर केस में सोनम समेत पांचों आरोपियों को लेकर शिलॉन्ग पहुंच चुकी है। इन्हें बुधवार देर रात शिलॉन्ग लाया गया। सभी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद पुलिस इन्हें क्राइम सीन पर ले जाएगी, जहां सीन रीक्रिएट किया जाएगा। 

उधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकसभा के डिप्टी स्पीकर चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। खड़गे ने PM मोदी को लिखे लेटर में कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार यह पद लगातार दो लोकसभा कार्यकालों के लिए खाली है। यह चिंताजनक है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देने के लिए विदेश गए 7 डेलिगेशन के सांसदों से अपने आवास पर मुलाकात की। 7 डेलिगेशन के 59 सदस्यों ने 33 देशों के दौरा किया था। इनमें 51 नेता और 8 राजदूत शामिल हैं। इन सभी ने विदेश दौरे में हुई बातचीत की जानकारी PM मोदी से साझा की।

उधर मैकडॉवल्स व्हिस्की बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट (USL) ने IPL फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बेचने की खबरों को गलत बताया। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि कंपनी RCB को करीब ₹17 हजार करोड़ रुपए में बेचने पर विचार कर रही है। यूनाइटेड स्पिरिट पहले विजय माल्या की कंपनी थी, जिसे माल्या के दिवालिया होने पर ब्रिटिश लिकर कंपनी डियाजियो ने खरीदा था।

इधर देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 6815 पहुंच गई है। केरल में सबसे ज्यादा 2053 केस हैं। बीते 24 घंटे में 324 नए मामले और 5 लोगों की मौत हुई है। इनमें कर्नाटक के दो, केरल, दिल्ली और झारखंड में 1-1 मरीज ने जान गंवाई है। कोरोना के नए वैरिएंट्स से 12 राज्यों में अब तक 70 मरीजों की मौत हुई हैं।

उधर अमेरिका के न्यूजर्सी में भारतीय छात्र को जमीन पर पटकने और फिर हथकड़ी लगाकर डिपोर्ट करने के मुद्दे पर दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने बयान दिया। दूतावास ने X पर लिखा कि अमेरिका वैध यात्रियों का स्वागत करता है। हम अवैध एंट्री, वीजा का दुरुपयोग या अमेरिकी कानून के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इधर अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस में 4 दिनों से जारी हिंसा थमती नजर आ रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर 700 मरीन कमांडो लॉस एंजिलिस पहुंच चुके हैं। ये कमांडो नेशनल गार्ड के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। ट्रम्प ने 2000 नेशनल गार्ड्स और भेजे हैं, जिससे बाद शहर में कुल 4000 नेशनल गार्ड्स तैनात हो चुके हैं। हिंसा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।

उधर बचपन के 2 दोस्तों ने 50 साल पुराने मामले को लेकर अपने एक साथी पर हमला कर दिया। घटना केरल के कासरगोड की है। मालोथु बालकृष्णन और मैथ्यू ने मारपीट की और 62 साल के वी.जे. बाबू के दांत तोड़ गिए। बाबू ने बताया कि तीनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। चौथी कक्षा में उन्होंने दोनों से मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इधर जासूसी के आरोप में पिछले महीने हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार हुई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने मंगलवार को यहां की एक अदालत से नियमित जमानत का अनुरोध किया है। मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने इसकी जानकारी दी। मल्होत्रा ने अपने वकील के जरिए न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) सुनील कुमार के समक्ष नियमित जमानत याचिका दायर की।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में हरिद्वार जिला छोड़ बाकी प्रदेश के 12 जिलों में पंचायत चुनाव कराए जाने की तैयारियां तेज हो गई है। एक तरफ जहां उत्तराखंड शासन ने पंचायत में तैनात प्रशासकों के कार्यकाल को बढ़ाया तो वहीं, दूसरी ओर उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को पंचायतों में आरक्षण का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पंचायती राज सचिव चंद्रेश यादव की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार उत्तराखंड की ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के स्थान और पदों का आरक्षण के साथ ही आवंटन किया गया है।

इधर उत्तराखंड में फिलहाल चारधाम यात्रा पूरे चरम पर है। 9 जून शाम सात बजे तक 23 लाख से ज्यादा भक्तों ने चारधाम में दर्शन किए। एक तरफ जहां चारधाम में भक्तों की संख्या से सरकार और स्थानीय कारोबारी खुश है तो वहीं चारधाम में श्रद्धालुओं की मौत के आंकड़े से स्वास्थ्य विभाग परेशान भी है। चारधाम में अभी तक 101 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।

उधर देहरादून जिल के ऋषिकेश में दो युवकों पर एक नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। चाची की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। आरोपियों में एक समुदाय विशेष से तालुख रखता है। वहीं मामले में हिंदू संगठनों का भी बयान आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय विशेष के युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर दुष्कर्म किया और फिर अपने साथी को भी नाबालिग से दुष्कर्म करने दिया।

इधर रुद्रप्रयाग के मखेत गांव के आश्रम तोक में गुलदार ने एक 65 वर्षीय महिला को मार डाला। महिला अपने घर के समीप बगीचे में निराई-गुडाई कर रही थी। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि दस दिन पहले भी गुलदार ने एक महिला को मार दिया था, लेकिन वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उधर ऋषिकेश स्थित थाना लक्ष्मणझूला अंतर्गत अलग-अलग जगहों पर गंगा में स्नान कर रहे हरियाणा और मध्यप्रदेश के दो युवक गंगा में बह गए। एसडीआरएफ की टीम ने युवकों की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने हरियाणा के युवक का शव बरामद कर लिया है। मध्यप्रदेश के युवक की तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। वहीं सात मार्च को डूबी असम की महिला का शव फूलचट्टी बरामद किया गया है।