Sep 12, 2026 Login

Good Morning India: उत्तराखण्ड के पूर्व सीएम हरीश रावत के पीए के घर ईडी छापेमारी, 32 लाख कैश, 200 ग्राम सोना, करोड़ों रुपये की महंगी घड़ियां बरामद! आज होगा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आगाज, पहुंचेंगे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग! पिथौरागढ़ में भारी बारिश का कहर, बेली ब्रिज बहा

Good Morning India: ED raids the home of former Uttarakhand CM Harish Rawat's personal assistant, seizing 3.2 million rupees in cash, 200 grams of gold, and expensive watches worth crores of rupees.

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज से ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत होगी। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली में आज से 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। दो दिन चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया की नजर भारत पर रहेगी। भारत मंडपम में BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक मंच पर दिखाई देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मौजूदगी इस बैठक को खास बना रही है। सम्मेलन में दुनिया की करीब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों के नेता कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। BRICS समिट के दौरान आज एशिया की 2 बड़ी ताकतों भारत और चीन के नेताओं की मुलाकात भी होगी। शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत दौरे पर आ रहे हैं। दोपहर 12:35 बजे उनका विमान दिल्ली में लैंड करेगा। इसके बाद शाम 5:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच हाई प्रोफाइल द्विपक्षीय बैठक होगी।

इधर बिहार की राजधानी पटना के पीएमसीएच में डॉक्टरों ने एक 12 साल के बच्चे की जान बचाने में बड़ी सफलता हासिल की है। सीटी बजाते समय बच्चा गलती से सीटी को सांस के साथ अंदर खींच बैठा। सीटी सांस की नली से होते हुए ब्रोंकस में जाकर फंस गई, जिसके बाद बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी और उसकी स्थिति गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजन घबराकर बच्चे को तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और उपचार शुरू किया। जांच में पता चला कि सीटी बच्चे के ब्रोंकस में फंसी हुई है। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने ब्रोंकोस्कोपी करने का निर्णय लिया। पीएमसीएच के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से सांस की नली में फंसी सीटी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। सीटी बाहर निकलने के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ। समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने से बच्चे की जान बच गई।

उधर देश के कई हिस्सों में आज बारिश के साथ तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD ने 12 सितंबर 2026 के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यानी आज कई राज्यों में मौसम का मिजाज सिर्फ बारिश वाला नहीं रहेगा, बल्कि बारिश, आंधी और तेज हवाओं का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, केरल, त्रिपुरा और नगालैंड में भारी बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इनमें कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम हवा की रफ्तार करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मध्य प्रदेश में भी तेज हवाएं लोगों के लिए मुश्किल बढ़ा सकती हैं।

इधर जामिया मिल्लिया इस्लामिया के जम्मू-कश्मीर गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने मेस से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने प्रशासन पर मेस में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने जिन मांगों को लिखित रूप में मानने का भरोसा दिया था, उन्हें बाद में लागू नहीं किया गया। छात्राओं ने मौजूदा मेस ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने, मेस में सिर्फ महिला कर्मचारियों की तैनाती, प्रोवोस्ट और वार्डन के इस्तीफे और प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के खिलाफ किसी तरह की प्रशासनिक कार्रवाई नहीं करने की मांग की है। छात्राओं के मुताबिक, 11 सितंबर को प्रदर्शन दोबारा शुरू किया गया। उनका आरोप है कि पिछले प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने उनकी 4 मांगों को लिखित तौर पर स्वीकार किया था, लेकिन बाद में इन मांगों को लागू करने से पीछे हट गया। छात्राओं का दावा है कि शुक्रवार सुबह उन्हें नाश्ता नहीं दिया गया। वहीं दोपहर का खाना भी शाम 3 बजे के बाद परोसा गया। उनका यह भी आरोप है कि खाना परोसते समय मेस में पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। छात्राओं के मुताबिक, खाना लेने के लिए उनसे नाम और मोबाइल नंबर भी मांगे गए। उन्होंने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल छात्राओं की निगरानी या उन्हें निशाना बनाने के लिए इस जानकारी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

उधर नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट में वर्ल्ड लीडर्स की मीटिंग के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों पर निशाना साधा। अपने संबोधन में पुतिन ने साफ कहा कि दुनिया लगातार बदल रही है। BRICS देश अब G7 को पीछे छोड़ चुके है। पश्चिमी देश लगातार कमजोर पड़ रहे हैं। जानें ब्रिक्स समिट में व्लादिमीर पुतिन ने क्या-क्या कहा। BRICS बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन में व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "अभी विश्व में गहरे और बड़े बदलाव हो रहे हैं। इसका कारण ये है कि जो देश 20वीं सदी के दूसरे भाग में आर्थिक विकास में सबसे आगे थे, उनकी जगह अब विकास के नए इंजन ले रहे हैं। जब मैं 'पुराने' कहता हूं, तो यह बस कहने की बात है। हम सभी जानते हैं कि हम किस बारे में बात कर रहे हैं।'' पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए पुतिन ने आगे कहा कि इन तथाकथित पुराने नेताओं के पास अब भी बहुत मजबूत पक्ष और अच्छा विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और साइंटिफिक एडवांटेज, वैज्ञानिक स्कूल वगैरह हैं। यह दुखद है, लेकिन चीजों का स्वभाव ऐसा नहीं है। मानवता और अर्थव्यवस्था का स्वभाव ऐसा नहीं है। विश्व हमेशा बदलता रहता है।

इधर पैकेट में मिलने वाले ऐसे खाने, जिनमें शुगर, नमक या फैट की मात्रा ज्यादा होती है, उन पर सामने ही साफ चेतावनी देने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से कई सवाल पूछे हैं। कोर्ट ने कहा है कि लोगों, खासकर बच्चों की सेहत को देखते हुए पैकेट के सामने ऐसी जानकारी होनी चाहिए, जिसे आम आदमी आसानी से समझ सके। FSSAI को दस दिन में सुप्रीम कोर्ट ने जवाब देने को कहा है। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने FSSAI की ओर से दिए गए नए प्रस्ताव पर विस्तार से सवाल उठाए हैं। FSSAI ने कोर्ट को बताया है कि पैकेट के सामने लाल रंग के हेक्सागन यानी छह कोने वाले निशान में चेतावनी देने का प्रस्ताव है। इसमें जरूरत के हिसाब से ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’, ‘HIGH SALT’ और ‘HIGHLY SWEETENED BEVERAGE’ लिखा जा सकता है। यह निशान पैकेट के पीछे दी गई पोषण संबंधी जानकारी से एक पॉइंट बड़ा रखने का प्रस्ताव है। 

उधर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के तेजी से ताकतवर होने के साथ इसके गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ रहा है। AI कंपनी Anthropic ने अपनी नई रिपोर्ट में ऐसे कई मामलों का खुलासा किया है, जहां उसके AI मॉडल का इस्तेमाल साइबर हमलों, निगरानी, राजनीतिक प्रचार और ऐसे जैविक शोध में करने की कोशिश हुई, जिसका इस्तेमाल खतरनाक जैविक हथियार बनाने में भी हो सकता था। कंपनी का कहना है कि उसने इन सभी मामलों में संदिग्ध गतिविधियों को रोक दिया। एंथ्रोपिक ने यह रिपोर्ट इसलिए जारी की है ताकि दूसरी AI कंपनियां, सरकारें और सुरक्षा एजेंसियां भी ऐसे खतरों को पहचानकर उनसे निपटने की तैयारी कर सकें। Anthropic के मुताबिक, AI मॉडल अब पहले से कहीं ज्यादा सक्षम हो गए हैं। इसका एक असर यह है कि जटिल साइबर हमलों के लिए पहले जितनी विशेषज्ञता जरूरी थी, वह अब हमेशा जरूरी नहीं रह गई है। यानी अकेला व्यक्ति भी AI की मदद से ऐसी गतिविधियां करने की कोशिश कर सकता है, जो कुछ समय पहले तक उसके लिए बेहद मुश्किल थीं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा-2016 में कथित बड़े घोटाले को लेकर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के देहरादून सब-जोनल ऑफिस ने 10 सितंबर 2026 को देहरादून में कई जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई। ईडी के मुताबिक, यह मामला 2016 की VPDO परीक्षा में OMR शीट के साथ कथित छेड़छाड़ और उम्मीदवारों से पैसे लेकर परीक्षा का रिजल्ट प्रभावित करने से जुड़ा है। एजेंसी ने चंदन सिंह जीना के घर की भी तलाशी ली। जीना फिलहाल उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत के निजी सहायक (PA) के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले वह 2009 से 2017 के दौरान रावत के मुख्यमंत्री रहने के समय उनके OSD भी रह चुके हैं। ED की जांच में सामने आया है कि VPDO परीक्षा की OMR शीट को UKSSSC की सुरक्षित जगह से कथित तौर पर तत्कालीन सचिव के निजी घर ले जाया गया। ED के अनुसार, चंदन सिंह जीना के घर की तलाशी में 32 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी मिली। इसके अलावा करीब 200.5 ग्राम सोना भी बरामद हुआ। इसमें 13 सोने के सिक्के, 7 सोने की चेन और Rolex  Rado, Piaget, Movado, Tissot और Casio Edifice जैसे 12 महंगे ब्रांड की घड़ियां मिलीं। ED के मुताबिक इनकी कुल कीमत फिलहाल करीब 1.28 करोड़ रुपये आंकी गई है। 12 घड़ियों में से कुछ की कीमत का आकलन अभी अलग से किया जा रहा है, इसलिए कुल रकम आगे बढ़ सकती है।

इधर सीमांत तहसील धारचूला में भारत और नेपाल सीमा क्षेत्र में शुक्रवार की रात्रि को भारी वर्षा हुई। शुक्रवार की रात 11:30 बजे के आसपास से हुई भारी वर्षा के दौरान कूलागाड़ एक बार फिर उफान पर आ गया। भारी मलबा बोल्डर के गिरने से टनकपुर तवाघाट हाईवे में चीन सीमा को जोड़ने वाला पहला कूलागाड़ का नवनिर्मित बेली ब्रिज बह गया है इतना ही नहीं यहां पर पुराने बेली ब्रिज भी नजर नहीं आ रहा है। चीन सीमा का संपर्क पूरी तरह भंग हो चुका है। व्यास, दारमा और चौदास घाटिया अलग थलग हो चुकी हैं। हाईवे पर कूलागाड़ पर गत 19 अगस्त को भी बोल्डर और मलबा गिरने से बेली ब्रिज टूट गया था। बीआरओ द्वारा बीते दोनों नए बेली ब्रिज का निर्माण किया गया था। अभी पुल निर्माण का एक पखवाड़ा भी नहीं हुआ है और पुल बह गया है। 

उधर देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है और फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुठभेड़ में घायल आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। उसने देहरादून में सुपारी किलिंग की घटना को अंजाम देने की कोशिश की थी। देहरादून पुलिस के अनुसार 08 सितम्बर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह और उनका फुफेरा भाई उस दिन रात वी मार्ट चौक से अपनी स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान पेट्रोल पम्प से करीब 200 मीटर आगे बडोवाला की ओर पीछे से आ रहे मोटर साइकिल सवार दो लड़कों ने उनकी स्कूटी के आगे अपनी मोटर साइकिल लगाकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली लगने से महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेल नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम को शुक्रवार रात सूचना मिली कि बडोवाला क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हैं।