Good Morning India: मिस वर्ल्ड 2025 बनीं थाइलैंड की ओपल सुचाता! जम्मू कश्मीर-राजस्थान समेत 6 राज्यों में मॉक ड्रिल, मानसूनी बारिश बनी आफत, पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में बाढ़ का कहर! उत्तराखंड में दस जून को दस्तक दे सकता है मॉनसून
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL 2025 का दूसरा क्वालिफायर मैच मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। वहीं आज ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते (JCPOA) पर चर्चा हो सकती है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मानसून की दस्तक के साथ पूर्वोत्तर भारत के 6 राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। असम में बारिश से 8 लोगों की मौत हो चुकी है। 17 जिलों में बाढ़-भूस्खलन का कहर बरपा है। इधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर और टेंशन बढ़ा दी है।मणिपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 800 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया है। नेपाल में बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है। सीमांचल की 3 नदियां उफान पर हैं। देश के बाकी हिस्से में भी बारिश हो रही है।
इधर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) अनिल चौहान ने सिंगापुर में पाकिस्तान के साथ संघर्ष में भारतीय फाइटर जेट गिरने के दावों पर ब्लूमबर्ग से बात की। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा यह नहीं है कि कितने विमान गिरे, बल्कि यह है कि वे क्यों गिरे? भारत ने अपनी गलतियों को पहचाना, उन्हें जल्दी सुधारा और फिर दो दिन के भीतर दुश्मन के ठिकानों को लंबी दूरी से निशाना बनाकर एक बार फिर प्रभावी तरीके से जवाब दिया। CDS ने यह बात ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में कही। वे यहां शांगरी-ला डायलॉग कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। CDS ने कहा कि पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक संबंध कायम रखने का दौर अब खत्म हो चुका है।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पाकिस्तान को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर तुम गोली चलाओगे तो मान के चलो कि गोली का जवाब गोले से मिलेगा। आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी थी। यही चुनौती उनके और उनके आकाओं को लिए काल बन गई। हमारी सेना ने दुश्मन के घर में घुसकर उनके आतंकी ठिकानों को तबाह किया। अब घर में घुसकर भी मारेंगे और जो आतंकियों की मदद करेगा, उसे भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इधर थाइलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब हासिल कर लिया है। इस साल फिनाले हैदराबाद के हाईटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में हुआ। भारत की नंदिनी गुप्ता 108 देशों की कंटेस्टेंट्स से मुकाबला कर टॉप-20 तक पहुंची थीं, लेकिन वो टॉप-8 से बाहर हो गईं। फिनाले का आगाज टॉप-40 कंटेस्टेंट्स की कल्चरल रैंप वॉक से हुआ, जिसमें भारत की नंदिनी गुप्ता शो-स्टॉपर रहीं। बता दें कि 72 साल के इतिहास में मिस वर्ल्ड के सबसे ज्यादा खिताब भारत ने जीते हैं। रीता फारिया मिस वर्ल्ड जीतने वाली पहली भारतीय हैं। उनके बाद ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, युक्ता मुखी, डायना हेडन और मानुषी छिल्लर भी मिस वर्ल्ड रह चुकी हैं।
उधर ऑपरेशन शील्ड के तहत गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में मॉक ड्रिल हुई। साथ ही रात 8 बजे सायरन बजते ही पूरी तरह से ब्लैकआउट किया गया। इससे पहले 7 मई को देश के 244 जिलों में मॉक ड्रिल हुई थी। इसमें नागरिकों को हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी गई। मॉक ड्रिल युद्ध की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जाती है।
इधर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बनने के बाद जस्टिस बीआर गवई शनिवार को पहली बार प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने कहा, 'अभी-अभी मंत्री मेघवाल जी ने बताया कि योगी जी इस देश के सबसे पावरफुल और कर्मठ मुख्यमंत्री हैं। इलाहाबाद की भूमि पावरफुल लोगों की है। योगी जी तो पावरफुल हैं ही।'
उधर दिल्ली हाईकोर्ट के तत्कालीन जस्टिस यशवंत वर्मा के सरकारी बंगले पर अधजले नोट मिलने के मामले में नई जानकारी सामने आई है। PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि जिस स्टोर रूम में आग लगने के बाद जली नकदी मिली, वह जस्टिस वर्मा और उनके परिवार के कब्जे में था। जांच समिति ने बंगले के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, गवाहों और जांच के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला है। समिति ने 50 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए। इनमें दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा और फायर सर्विस के चीफ भी थे। दोनों अफसर आग लगने के बाद सबसे पहले मौके पर पहुंचने वालों में थे। रिपोर्ट में कहा गया कि 14 मार्च, 2025 की रात करीब 11:35 बजे आग लगने के बाद स्टोर रूम से नकदी हटाई भी गई थी।
इधर पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में एक व्यक्ति अपनी साली का कटा हुआ सिर लेकर इलाके में घूमते दिखा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी के दाएं हाथ में एक धारदार हथियार और बाएं हाथ में कटा हुआ सिर दिख रहा है। वह एक मंदिर के सामने जयकारा भी लगता है।
उधर बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के लिए आज का दिन काफी अहम है। बांग्लादेश का इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल आज यानी रविवार को शेख हसीना के खिलाफ लगे आरोपों पर औपचारिक सुनवाई करेगा, जिसमें उन्हें मौत की सजा सुनाई जा सकती है। बांग्लादेश की सरकारी बीटीबी को इस पूरी सुनवाई की लाइव प्रसारण करने की अनुमति दी गई है। इस तरह से बांग्लादेश के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब सुनवाई पूरा देश लाइव देख सकेगा।
इधर देश में कोरोनो के केस में बढ़ोत्तरी लगातार जारी है। कोरोना के मामले 3 हजार के ऊपर पहुंच हए हैं। भारत में कोरोना के मौजूदा केस 3,395 हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1336 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में 467 और दिल्ली में 375 मामले हैं। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई। राज्यों द्वारा अलग से कोरोना को लेकर गाइडलाइन जारी की जा रही हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में जल्द ही मॉनसून दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग की माने तो उत्तराखंड में दस जून तक मॉनसून पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने इस बार मॉनसून सीजन में 108 बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के इसी आकंलन को देखते हुए आपदा परिचालन प्रबंधन विभाग ने भी अपनी कमर कस ली है। इसीलिए शनिवार को देहरादून में आपदा प्रबंधन ने एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें सीएम धामी ने भी शिरकत की।
उधर ऑनलाइन गेम खेलकर ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को उधम सिंह नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य दो सदस्य फरार चल रहे हैं। आरोपी अब तक देश के 15 राज्यों में लोगों के साथ ठगी कर चुके है। जांच में एक संदिग्ध बैंक खाता भी प्रकाश में आया है। जिसमें ठगी के पैसे की हेराफेरी करना सामने आया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।