अरुणाचल में बाढ़-बारिश का कहरः लैंडस्लाइड में 4 लोगों की मौत! दिबांग वैली में सेना के 5 जवान लापता, दो शेल्टर बाढ़ में बहे

Havoc caused by floods and rains in Arunachal: 4 killed in landslides! 5 Army soldiers missing in Dibang Valley; two shelters washed away by floods.

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दिबांग वैली जिले में सेना के पांच जवानों के लापता होने की सूचना है। दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम की बताई जा रही हैं। शनिवार को अधिकारियों ने घटनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर के मुताबिक, अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर बड़ा लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से कई लोग दब गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में बताई गई है। अपर सुबनसिरी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश और मलबे में दबे अन्य संभावित लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। नाचो पुलिस स्टेशन के जवानों को खोज एवं बचाव अभियान के लिए मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा डपोरिजो से फायर एंड इमरजेंसी सर्विस के जवानों को भी घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की एक टीम भी राहत और बचाव अभियान में शामिल होगी। लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

दिबांग वैली में बाढ़ से सेना के दो शेल्टर बहे
वहीं, दिबांग वैली जिले में शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने पाशु पानी आर्मी कैंप को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बहाव के कारण 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए। इस घटना के बाद सेना के पांच जवानों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। जवानों की तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज एवं बचाव टीमें पहले ही तैनात कर दी गई हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मिलकर लापता जवानों की तलाश में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश के कई पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। दोनों घटनाओं के बाद राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।