Good Morning India: अमेरिका और ईरान के बीच समझौता लागू, आज आमने-सामने होंगे अधिकारी! बिहार में महिला के साथ हैवानियत, प्राइवेट पार्ट में डाला बुलेट, पत्थर और लकड़ी! उत्तराखंड में आतंकी षड्यंत्र का खुलासा, फिदायीन हमले की तैयारी में था गदरपुर से पकड़ा गया सलाउद्दीन, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Agreement between the US and Iran comes into effect; officials to meet face-to-face today! Brutal assault on a woman in Bihar; a bullet, a stone, and a piece of wood were inserted

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 19 जून को विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। वहीं आज लोकसभा स्पीकर के सामने टीएमसी में फूट मामले पर अभिषेक बनर्जी अपना पक्ष बताएंगे।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, 107 दिनों तक चले संघर्ष के बाद अमेरिका और ईरान शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टाक रिजॉर्ट में ऐतिहासिक शांति वार्ता के लिए आमने-सामने होंगे, जहां समझौते के क्रियान्वयन और आगे की प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले बुधवार रात (भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फ्रांस के वर्साय पैलेस में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों के साथ रात्रिभोज के दौरान 14 सूत्रीय प्रारंभिक समझौता मसौदे (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसे इस्लामाबाद मेमोरैंडम आफ अंडरस्टैंडिंग नाम दिया गया है। तेहरान में ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी इस पर हस्ताक्षर किए, जबकि मध्यस्थ और गारंटर के रूप में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दस्तखत किए। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि डिजिटल हस्ताक्षरों के साथ ही आधिकारिक तौर पर समझौता तत्काल प्रभाव से लागू हो गया।

इधर राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर जारी एक प्रशासनिक निर्देश चर्चा का विषय बन गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए एक अधिकृत प्रतिनिधि नामित करने का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री का रामलला के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम तय है। इसके लिए ट्रस्ट की ओर से किसी प्रतिनिधि का नाम और संपर्क विवरण ड्यूटी मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूजन और प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों का समन्वय समय से पूरा किया जा सके। प्रशासनिक स्तर पर इसे सामान्य व्यवस्था बताया जा रहा है, लेकिन राम मंदिर दान राशि गड़बड़ी प्रकरण की एसआईटी जांच के बीच इस निर्देश ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

उधर देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और मॉनसून की सुस्ती के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के 11 राज्यों में अगले 15 घंटों के भीतर भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान का महाअलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले दो हफ्तों से मॉनसून एक ही जगह पर अटका हुआ है, जिससे मैदानी इलाकों में शुष्क हवाओं और भीषण गर्मी का दौर जारी था। हालांकि, अब बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एक मजबूत वेदर सिस्टम बन गया है। यही वजह है कि अचानक उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में मौसम ने करवट ली है।

इधर उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर हो गया। थाना हापुड़ नगर पुलिस टीम द्वारा बुलंदशहर रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया तो पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेर लिया तो दोनों ने खुद को घिरता देख पुलिस कर्मियों पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएससी नगर भेजा गया, जहां पर चिकित्सों द्वारा बदमाश को मृत घोषित कर दिया। मौके से एक अवैध पिस्टल, खोखा, कारतूस व एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

उधर देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मिलने वाली ब्याज दर पर केंद्र सरकार ने आखिरकार अपनी मंजूरी दे दी है। सरकार ने EPF जमा राशि पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को हरी झंडी दिखा दी है। इसके बाद अब 7 करोड़ से अधिक EPF खाताधारकों के खातों में इसी महीने ब्याज की रकम जमा होने की उम्मीद है। यह फैसला उन कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है जो लंबे समय से अपने पीएफ खाते में ब्याज जमा होने का इंतजार कर रहे थे। EPF पर मिलने वाला ब्याज कर्मचारियों की रिटायरमेंट सेविंग्स को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने EPFO के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे पहले 2 मार्च 2026 को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर तय की गई थी। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अब EPFO अपने करोड़ों सदस्यों के खातों में ब्याज की राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
 
इधर बिहार के बेगूसराय में एक महिला के साथ पांच लोगों ने हैवानियत की हद पार करते हुए हाथ पैर बांधकर ब्लेड से जख्म देकर पहले गैंगरेप किया और फिर उसके प्राइवेट पार्ट में बुलेट (गोली), पत्थर और लकड़ी डाल दिया। घटना के छठे दिन महिला को दर्द के बाद सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के बाद गुप्तांग में कारतूस, पत्थर, लकडी डालने की पुष्टि हुई है। घटना सामने आने के बाद दो डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की कार्रवाई में जुट गई है। घटना को 11 जून की रात को उस वक्त अंजाम दिया गया जब महिला शौच के लिए निकली थी। उसी वक्त पांच बदमाशों ने उसे शौचालय से खींचकर उसके हाथ पैर बांध दिया और फिर उसके साथ शरीर पर कई जगह ब्लेड मार कर जख्म देकर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। डॉक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान बदमाशों ने महिला के प्राइवेट पार्ट में पिस्तौल की गोली, पत्थर और लकड़ी भी डाल दिया। घटना की सुबह महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसे 12 जून की देर शाम जांच के बाद घर भेज दिया गया। हालांकि महिला के घर जाने के बाद वह लगातार दर्द से परेशान थी। जिसके बाद 17 जून को सुबह फिर महिला को सदर अस्पताल लाया गया। जहां अल्ट्रासाउंड करने के बाद उसके पेट से गोली पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा डॉक्टर के द्वारा निकाला गया। महिला का आरोप है की घटना के बाद से लगातार पुलिस लापरवाही बरत रही है घटना के दिन सूचना देने के बाद अस्पताल भेज दिया गया मामला दर्ज किया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।  

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड की आयुध फैक्ट्रियों में सैन्य हथियारों के लिए ऐसे विशेष कैमरे तैयार किए जा रहे हैं जो भारतीय सेना के लिए तीसरी आंख साबित हो रहे हैं। दिन, रात या दोनों परिस्थितियों में दृश्यता के लिए अनुकूल ये कैमरे सेना के लिए वैश्विक बाजार से कम कीमतों पर उपलब्ध हैं। रक्षा मामलों के जानकारों के अनुसार, 2001 में रूस की सहायता से भारत लाए गए टी-90 टैंकों के भारतीयकरण में आईओएल ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थान ने टी-90 टैंकों को न केवल फायर कंट्रोल सिस्टम दिया, बल्कि इसे टीकेएन-4एस विजन दिया। नवीनतम तकनीक में इसे सीटीआई-90 तकनीकी दी जा चुकी है। स्वदेशीकरण के बाद भीष्म के नाम से जाने जा रहे टी-90 टैंकों में बैठे सैनिकों को बाहर निकले बिना दस किलोमीटर तक की स्पष्ट दृश्य क्षमता हासिल है। अकेला सैनिक टैंक चलाने के साथ अंदर बैठे-बैठे बाहर दुश्मनों को देख सकता है और स्पष्ट निशाना साध सकता है।

इधर शहर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद बवाल हो गया। दुष्कर्म का आरोप मुस्लिम नाबालिग युवक पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों से जुड़े युवा और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी पक्ष की दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि एक मुस्लिम मकान मालिक के घर में हिंदू परिवार किराये पर रहता है। उनकी एक 14 साल की बेटी है। मकान मालिक के भांजे पर आरोप है कि वह बुधवार रात करीब एक बजे किशोरी को जबरन दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में ले गया और दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी नाबालिग को संरक्षण में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

उधर उत्तराखंड एसटीएफ ने ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध कट्टरपंथी मोहम्मद सलाउद्दीन को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि वह फिदायीन हमले के लिए खुद को तैयार कर रहा था और अपनी शारीरिक तैयारी के वीडियो विदेश और देश में बैठे आकाओं तक भेज रहा था। एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि सलाउद्दीन नियमित रूप से दौड़ लगाने, पुशअप्स और अन्य शारीरिक गतिविधियों के वीडियो बनाकर अपने हैंडलरों को भेजता था। वह टेलीग्राम और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिये संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में था। साथ ही चैट में वह खुद को हर टास्क के लिए फिट बताता था। पूछताछ में पता चला है कि विभिन्न स्थानों पर मस्जिदों और मजारों को ध्वस्त किए जाने की घटनाओं से वह आहत था। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी तत्वों ने उसे अपने प्रभाव में लिया और धीरे-धीरे उसकी सोच को उग्र बनाया। इसके बाद वह राष्ट्रविरोधी और जिहादी सामग्री से जुड़े कई ऑनलाइन समूहों में सक्रिय हो गया। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सलाउद्दीन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये अन्य युवाओं को भी प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था।